News Room Post

First Win Of Narendra Modi: 22 साल पहले 24 फरवरी को पीएम मोदी के जीवन में आया था वो लम्हा, जिसने बदल दी देश की राजनीति की दशा और दिशा; देखिए Video

modi

नई दिल्ली। आज 24 फरवरी है। आप सोच रहे होंगे कि ये महज एक तारीख ही तो है, जो हर साल आती ही है। लेकिन ये सिर्फ एक तारीख नहीं है। ये तारीख भारतीय राजनीति के लिहाज से बहुत अहम है। यही तारीख है, जिसने देश के पीएम पद पर पहुंचने वाले नरेंद्र मोदी के सियासी जीवन पर मुहर लगाई थी। 22 साल पहले 24 फरवरी 2002 को मोदी पहली बार विधायक चुने गए थे। तब उन्होंने गुजरात के राजकोट से विधायक का चुनाव जीता था। मोदी हालांकि, पहले ही बीजेपी नेतृत्व के निर्देश पर गुजरात के सीएम पद का ओहदा संभाल चुके थे, लेकिन राजनीति में पक्के तौर पर आने की शुरुआत राजकोट उप चुनाव को ही जीतना रहा। मोदी ने राजकोट में अपने जीवन का पहला चुनाव लड़ा था और 15000 वोटों से जीते थे।

मोदी ने राजकोट का चुनाव जीता। जिसमें वहां के लोगों का भरपूर सहयोग रहा। मोदी की जीत के बाद लोगों ने उनकी शोभायात्रा में हिस्सा लिया था। महिलाओं ने अपना लाड़-दुलार भी मोदी पर बरसाया था। मोदी की राजकोट विधानसभा उप चुनाव में जीत ही थी, जिसने गुजरात और भारत का भविष्य लिखा। इसके बाद मोदी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। लगातार एक के बाद एक चुनाव वो जीतते रहे और देश की सरकार चलाने और भारत को विकसित देश बनाने की अपनी धुन में रमे रहे। मोदी ने अपनी जीत के बाद राजकोट के लोगों को संबोधित भी किया था। मोदी की 22 साल पहले हुई वो जीत और उसके बाद उन्होंने राजकोट के लोगों से क्या कहा था, ये देखिए।

मोदी लगातार गुजरात के सीएम बने। तमाम दुश्वारियों के बाद और गुजरात में हुए दंगों में लगे आरोपों को झुठलाते हुए वहां की जनता को अपना हर दिल अजीज बनाया। आज भी नरेंद्र मोदी देशवासियों को अपना परिवारीजन कहते हैं। मोदी ने अपनी सरकार में समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए तमाम योजनाओं को शुरू किया। खास बात ये है कि उनकी सरकार की किसी भी योजना में ‘मोदी’ या ‘नरेंद्र’ नाम का इस्तेमाल भी नहीं हुआ। आम तौर पर पहले की सरकारों में नेताओं के नाम पर योजनाओं का नाम रखने का चलन था। इस तरह मोदी ने अपनी सरकार को आम लोगों की सरकार बनाया है। लोकसभा चुनाव जल्दी ही होने वाले हैं। ऐसे में आज 22 साल पहले नरेंद्र मोदी की वो खास और पहली जीत फिर राजकोट के लोग जरूर याद कर रहे होंगे।

Exit mobile version