News Room Post

President Ramnath Kovind Birthday: पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को इस तरह से दी जन्मदिन की बधाई, कही ये बात

नई दिल्ली। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ramnath Kovind) का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने राष्ट्रपति को ट्वीट के जरिए बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी समृद्ध अंतर्दृष्टि और नीतिगत मामलों की समझदारी राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी अमानत है। वह कमजोरों की सेवा करने के प्रति बेहद दयालु हैं। पीएम मोदी ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए लिखा, ‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी समृद्ध अंतर्दृष्टि और नीतिगत मामलों की समझदारी हमारे राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी संपत्ति है। वह कमजोरों की सेवा करने को लेकर बेहद दयालु हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की बधाई दी है। अमित शाह ने लिखा कि माननीय राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। देश के गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व सशक्तिकरण के प्रति आपका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। आपकी बुद्धिमत्ता व कौशल से देश को नया बल मिला है। आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं।

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन (Dr Harsh Vardhan) ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, विनम्र और स्नेहिल व्यक्तित्व के धनी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिन की आत्मीय बधाई व शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि आप स्वस्थ और दीर्घायु हों व आपके कुशल मार्गदर्शन में राष्ट्र इसी प्रकार प्रगति के नित नए आयाम स्थापित करता रहे।

रामनाथ कोविंद की राजनीति में एंट्री 1994 में हुई, जब वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए। 2006 तक वह दो बार संसद के ऊपरी सदन के सदस्य रहे। पेशे से वकील कोविंद ने दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस की है। कोविंद, पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के निजी सचिव भी रह चुके हैं।

Exit mobile version