News Room Post

बिहार ने सिद्ध किया है कि वाकई, बिहारवासी पारखी भी हैं और जागरूक भी: पीएम मोदी

PM Modi Live: पीएम मोदी(PM Modi) ने कहा कि, आज भाजपा(BJP) ही एकमात्र पार्टी है जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं के साथ ही हर क्षेत्र के गौरव को भी उतने ही गर्व के साथ अपने साथ लेकर चलती है। देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है तो वो भाजपा है।

pm modi

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में NDA को स्पष्ट बहुमत मिल चुका है। NDA में पार्टी के हिसाब से देखें तो सबसे अधिक सीटें भारतीय जनता पार्टी की झोली में आई हैं। ऐसे में अगर ये कहा जाए कि, भाजपा की वजह से ही बिहार में NDA सत्ता में वापस कर रही है तो गलत नहीं होगा। फिलहाल बिहार में मिली जीत का जश्न भाजपा ने दिल्ली मुख्यालय पर मनाया। इस मौके पर भाजपा के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। बता दें कि इस जश्न में शामिल होने के लिए जेपी नड्डा और अमित शाह पार्टी मुख्यालय पहुंचे। कुछ देर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

वहीं पार्टी की जीत पर गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने पूरे देश को एक नजर से देखा। पीएम मोदी को गरीबों ने आशीर्वाद दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। हम लोग बिहार के नतीजों से काफी उत्साहित हैं। यह विकास की जीत है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जीत है।

लाइव अपडेट्स-

पीएम मोदी ने कहा कि, देश के युवाओं से मेरा आह्वान है, वो आगे आएं और बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं। अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें।

ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है। पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने।

दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।

हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता, नीतीश जी के नेतृत्व में NDA के कार्यकर्ता, हर बिहारवासी के साथ, इस संकल्प को सिद्ध करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे।

मैं बिहार के अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा, आपने एक बार फिर सिद्ध किया है कि बिहार क्यों लोकतंत्र की ज़मीन कहा जाता है। आपने फिर सिद्ध किया है कि वाकई, बिहारवासी पारखी भी हैं और जागरूक भी।

बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है ! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है! ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है।

पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि, बिहार तो सबसे खास है। अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है- बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है।

पीएम मोदी ने कहा कि, गुजरात में भाजपा 90 के दशक से है और वहां भी इन उपचुनावों में पार्टी ने सभी सीटें जीतकर दिखाई। मध्य प्रदेश में भी भाजपा ने सीटें जोड़ी है, जबकि वहां भी हमारी सरकार इतने वर्षो से हैं। यानि देश के लोग भाजपा को ही बार बार मौका दे रहे हैं, भाजपा पर ही सबसे ज्यादा विश्वास कर रहे हैं।

भाजपा की सफलता के पीछे उसका governance मॉडल है। जब लोग governance के बारे में सोचते हैं, तो भाजपा के बारे में सोचते हैं। भाजपा सरकारों की पहचान ही है – Good Governance.

ये भाजपा ही है जिसके लिए जनता जनार्दन का स्नेह बढ़ता ही जा रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार में अपनी वापसी की। बिहार में 3 बार सरकार में रहने के बाद भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जिसकी सीटों में बढ़ोतरी हुई।

पीएम मोदी ने कहा कि, आर्थिक सुधार हो, कृषि सुधार हों या फिर देश की सुरक्षा, शिक्षा की बात हो, नई व्यवस्थाओं की बात हो या फिर किसानों-श्रमिकों का हित, ये भाजपा ही है जिस पर देश आज सबसे ज्यादा भरोसा कर रहा है। ये भरोसा भाजपा के लिए, मेरे लिए, आपके प्रधानसेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है।

आज भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं के साथ ही हर क्षेत्र के गौरव को भी उतने ही गर्व के साथ अपने साथ लेकर चलती है। देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है तो वो भाजपा है। दलितों-पीड़ितों-शोषितों की अगर कोई आवाज है, तो वो भाजपा है।

आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है।

आज देश, भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है। हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए।

देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गयी है।

21वीं सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो, देश के काम से मतलब रखो।

भाजपा पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया।

भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती।

भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विजय प्राप्त हुई।

और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटका-तेलंगाना में सफलता मिली।

कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था। लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं, कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत के ताकत की पहचान करा दी है।

पीएम मोदी ने कहा कि, चुनाव भले ही कुछ सीटों और कुछ क्षेत्रों पर हुआ हो लेकिन कल सुबह से लेकर देर रात तक पूरे देश की नजरें टीवी, सोशल मीडिया और चुनाव आयोग की वेबसाइट पर थीं। लोकतंत्र के प्रति हम भारतीयों की जो आस्था है उसकी मिशाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती।

पीएम मोदी ने कहा कि, धन्यवाद इसलिए नहीं कि उन्होंने चुनावों में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता दी है, इसके तो वो हकदार हैं ही। धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस महान पर्व को हम सभी ने मिलकर बहुत उत्साह से मनाया है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि, मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं देश के कोटि-कोटि नागरिकों का।

पीएम मोदी से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, बिहार की जीत एक नई दिशा देने वाली जीत है। उन्होंने बिहार की जनता को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि, कल सम्पन्न हुआ चुनाव केवल बिहार के चुनाव नहीं थे, ये लद्दाख से लेकर तेलंगाना और कर्नाटक, गुजरात और मध्यप्रदेश से लेकर मणिपुर तक के उपचुनाव भी थे। इन चुनावों में बिहार समेत जिस तरह की जीत भारत की और बिहार की जनता ने दी है, उसके लिए कोटि कोटि धन्यवाद। उन्होंने कहा कि, जहां-जहां भी चुनाव थे, वहां की जनता ने एक स्वर से कमल के निशान पर मोहर लगाकर आदरणीय मोदी जी के काम पर मोहर लगाई है।

पीएम मोदी बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए है। वो यहां पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए हैं। पार्टी के कई दिग्गज नेता बीजेपी मुख्यालय पहुंचे हैं। पीएम मोदी भी कुछ देर में यहां पर पहुंचने वाले हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार चुनाव में NDA की जीत के जश्न के लिए आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पार्टी मुख्यालय पहुंचे।

Exit mobile version