News Room Post

कांग्रेस नेता का दावा, यूपी के बाहर से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस भी जल्द ही अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। इसके साथ ही ये खबर भी सुनने में आ रही है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी इस बार चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। हालांकि प्रियंका के बारे में पार्टी की ओर से कोई आफिशियल एनाउंसमेंट तो नहीं की गई है लेकिन कांग्रेस के ही एक बड़े नेता ने उनके चुनाव मैदान में उतरने का दावा किया है।
दमन और दीव के कांग्रेस अध्यक्ष केतन पटेल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी चुनाव मैदान में किस्मत आजमाने जा रही हैं। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात उन्होंने यह कही कि प्रियंका अपना पहला चुनाव कांग्रेस की पारम्परिक सीट रायबरेली से नहीं लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव से चुनाव लड़ सकती हैं। रविवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान ने उन्हें इसके लिए डेटा इकट्ठा करने के लिए कहा है। केतन पटेल ने कहा कि मैं इस प्रस्ताव का स्वागत करता हूं। आलाकमान ने हमें डेटा संग्रह की जिम्मेदारी दी है। प्रियंका जी के आने से पूरा दक्षिण गुजरात जो हमेशा कांग्रेस के साथ रहा है और सौराष्ट्र जो दीव से सटा हुआ है, उसे यहां फायदा होगा।
आपको बता दें कि पिछले काफी समय से प्रियंका गांधी के चुनावी मैदान में उतरने की चर्चा गरम है। इस बार जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों के चलते लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया तभी से ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस की पारम्परिक सीट रायबरेली से अब सोनिया की जगह प्रियंका उम्मीदवार हो सकती हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी की हार के बाद अब इस बार देखना ये होगा की कांग्रेस अमेठी और रायबरेली में किसे अपना उम्मीदवार घोषित करती है।

Exit mobile version