News Room Post

Delhi: पंजाब के सीएम भगवंत मान के पेट में अचानक हुआ भीषण दर्द, दिल्ली के अस्पताल में कराया गया भर्ती

bhagwant mann

नई दिल्ली। पंजाब के सीएम भगवंत मान की बुधवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनके करीबियों के मुताबिक मान को पेट में भीषण दर्द होने लगा। इसके बाद रात को उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में दाखिल कराया गया है। खबर लिखे जाने तक अस्पताल की तरफ से भगवंत मान की तबीयत के बारे में ताजा जानकारी नहीं दी गई थी। अस्पताल में भर्ती होने से पहले भगवंत मान ने एमएसपी के बारे में केंद्र की तरफ से बनाई गई कमेटी पर अपना ट्वीट किया था।

भगवंत मान ने केंद्रीय कमेटी में पंजाब को प्रतिनिधित्व न देने पर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया था। मान ने ट्वीट में लिखा कि किसानों से किए गए वादे से पलटते हुए एमएसपी समिति में पंजाब को प्रतिनिधित्व न देने के केंद्र के फैसले की मैं निंदा करता हूं। उन्होंने आगे लिखा कि पंजाब के किसान पहले ही फसल चक्र और कर्ज में फंसे हैं। एमएसपी हमारा कानूनी अधिकार है। केंद्र को एमएसपी समिति में पंजाब का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना चाहिए।

बता दें कि भगवंत मान की शादी बीती 7 जुलाई को ही पारिवारिक मित्र गुरप्रीत कौर से हुई थी। मान की पहली पत्नी अमेरिका में रहती हैं। उनसे तलाक हो चुका है। पहली शादी से भगवंत मान के एक बेटी और एक बेटा है। इसी साल की शुरुआत में पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को सीएम का चेहरा बनाया था। पार्टी ने उनके चेहरे पर फोकस करके चुनाव लड़ा था और बड़े बहुमत से पंजाब में सरकार भी बना ली थी।

Exit mobile version