News Room Post

Farmers Protest : कृषि बिल को विरोध में राहुल गांधी आज करेंगे पंजाब में ट्रैक्टर रैली, कांग्रेस ने लगाई पूरी ताकत

Rahul Gandhi Aggressive

नई दिल्ली। हाथरस में राहुल गांधी सक्रियता पूरे देश ने देखी, अब राहुल गांधी आपको पंजाब में नजर आएंगे। किसान कानून के विरोध में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज पंजाब में ट्रैक्टर रैली करेंगे। इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तरफ से पूरी ताकत झोंक दी है। आज के रैली की शुरुआत पंजाब के मोगा से होगी। इस रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। किसान बिल को विरोध में होने वाली इस रैली में करीब पांच हजार ट्रैक्टर शामिल होंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों और सभी दिग्गजों को रैली में मौजूद रहने को कहा गया है। मोगा से शुरू होने वाली यह रैली हरियाणा के रास्ते दिल्ली में जाकर समाप्त होगी। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि, इस रैली की शुरुआत तीन अक्टूबर से हो चुकी है और ये ट्रैक्टर रैली 5 अक्टूबर तक चलेगी।

आज होने वाली रैली में शामिल होने के लिए राहुल गांधी एक जनसभा के लिए कार से भवानीगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद वह समाना, पटियाला के लिए ट्रैक्टर पर सवार होंगे। पांच अक्टूबर को धुदन साधन (पटियाला) से रैली एक जनसभा के साथ शुरू होगी और पिहोवा बॉर्डर तक ट्रैक्टर से 10 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे, जहां से राहुल गांधी हरियाणा में प्रवेश करेंगे।

रैली को कामयाब बनाने के लिए कांग्रेस और पंजाब का पूरा प्रशासन मैदान में उतर चुका है। सुरक्षा के लिए प्रदेश भर में 10 हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। डीजीपी दिनकर गुप्ता खुद ट्रैक्टर रैली का जायजा लेने मोगा के बधनीकलां पहुंचे। उनके साथ लगभग 15 जिलों के एसएसपी समेत सभी बड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version