News Room Post

Rajasthan: CM गहलोत की इफ्तार पार्टी में शामिल हुआ छबड़ा हिंसा का आरोपी, तो भड़की BJP

नई दिल्ली। राजस्थान राज्य करौली दंगों के बाद से देश में सुर्खियां बटोर रहा है। अशोक गहलोत सरकार पर विशेष समुदाय पर नरमी बरतने और उन्हें संरक्षण देने के आरोप लग रहे है। चाहे राम दरबार के साथ लगे वर्षों पुराने सालासर धाम का सीता स्वागत द्वार को रात के अंधेरे में गिराने का विषय हो या अलवर में 300 वर्ष पुराने शिव मंदिर को तोड़ने का। गहलोत सरकार की धर्मनिरपेक्ष छवि पर इस तरह की घटनाओ से कड़े हमले किये जा रहे है। अब नया हमला बोला है कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र से बीजेपी विधायक एवं राज्य बीजेपी के जनरल सेक्रेटरी मदन दिलावर ने। पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने मुख्यमंत्री पर आतंकवादियों को शरण देने का आरोप लगाकर उनको गिरफ्तार करने की मांग तक कर डाली।

मदन दिलावर ने अपने ऑफिसियल ट्विटर अकाउंट पर खुद का वीडियो ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने अशोक गहलोत को उनके द्वारा आयोजित की गयी इफ्तार पार्टी में छबड़ा दंगे के मुख्य आरोपी नसार खान एवं आसिफ अंसारी की उपस्थिति पर आड़े हाथों लिया। दिलावर ने वीडियो में कहा कि” राजस्थान के मुख्यमंत्री कि इफ्तार दावत में आतंकवादी भोजन का आनंद ले रहे है और अगवानी कर रहे है मुख्यमंत्री जी। यह आतंकवादी छबड़ा दंगे के आरोपी है जिनका नाम नसार खान है और इसकी पत्नी छबड़ा नगर पालिका में वार्ड मेंबर है एवं दूसरा आसिफ अंसारी जो खुद नगर पालिका में वार्ड मेंबर है। इन्होंने अप्रैल 2021 में छबड़ा में आंतक फैलाया था, जिसकी FIR भी दर्ज है। पुलिस उनको ढूंढ रही है और ढूंढ-ढूंढ कर परेशान हो गयी क्योंकि यह आतंकवादी तो मुख्यमंत्री निवास पर छिपे हुए थे, इसकी पोल खुली जब इफ्तार दावत में वो शामिल हुए।अब तो मुख्यमंत्री का निवास आतंकवादियों का अड्डा हो गया है। खुद मुख्यमंत्री उनके शरणदाता बन गए है। राजस्थान पुलिस ऐसे सब लोगों को गिरफ्तार करे जो आतंकवादियों को शरण देते है। जैसा सबके साथ व्यवहार होता है ऐसा ही राजस्थान के मुख्यमंत्री के साथ भी हो। राजस्थान पुलिस मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर जेल में डाले।”

दरअसल कल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर इफ्तार पार्टी दी जिसमें अप्रैल 2021 छबड़ा दंगे के आरोपी नसार खान एवं आसिफ अंसारी भी पहुंचे जबकि इनके खिलाफ छबड़ा पुलिस द्वारा FIR दर्ज की हुई है। बीजेपी विधायकों का कहना है कि “पुलिस इनको ढूंढ रही है तो यह सरलता से मुख्यमंत्री निवास तक कैसे पहुंच गए ?”

Exit mobile version