News Room Post

Ramlala Ayodhya: प्रचंड गर्मी में रामलला का रखा जा रहा विशेष ध्यान, पहनाए जा रहे हल्के सूती वस्त्र, फल, दूध, दही, जूस का लगाया जा रहा भोग?

नई दिल्ली। इस वक्त पूरे उत्तर भारत में जोरदार गर्मी का कहर जारी है। प्रचंड लू के थपेड़ों से क्या जानवर क्या इंसान सभी झुलसे जा रहे हैं। करोड़ों हिंदुओं की आस्था की प्रतीक रामनगरी अयोध्या में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इसी को देखते हुए रामलला के लिए भी गर्मी से बचने की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। रामलला को हल्का भोजन और आरामदायक वस्त्र धारण कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही उनका दिन-रात विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

इस समय उत्तर भारत में नौतपा के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। बात करें रामलला के भोजन की तो उन्हें दही और फलों का जूस परोसा जा रहा है। इसके साथ ही उनकी शीतल आरती भी की जा रही है। रामलला बालक रूप में मंदिर में विराजमान हैं, 5 वर्ष के बालक की तरह उनका ध्यान रखा जा रहा है। हर प्रकार से ठंडक प्रदान करने वाली वस्तुओं को उनके पास रखा जा रहा है। मंदिर के अंदर एयर कंडीशनिंग के इंतजामों को भी बढाया गया है।

बता दें कि पहले सिर्फ दीपों से ही रामलला की आरती की जा रही थी लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। अब चांदी के थाल में पुष्पों को चारों तरफ बिछाकर उनकी आरती की जा रही है। शाम को और सुबह उन्हें भोग के रूप में दही परोसा जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद ये पहली गर्मी है, जिसका रामलला सामना करेंगे। इसी के चलते राम मंदिर ट्रस्ट उनका ख़ास ध्यान रख रहा है।

Exit mobile version