News Room Post

Biparjoy Cyclone: गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा बिपरजॉय चक्रवात, कल शाम 145 किमी रफ्तार की हवाओं के साथ पहुंचेगा

cyclone

गांधीनगर। अति गंभीर से गंभीर बने बिपरजॉय चक्रवात का गुजरात की ओर बढ़ना जारी है। खबर लिखे जाने से करीब 5 घंटे पहले ये द्वारिका से करीब 300 किलोमीटर दूर था। मौसम विभाग के मुताबिक बिपरजॉय चक्रवात कल यानी गुरुवार शाम 5 बजे के आसपास तट को पार करेगा। इस दौरान 145 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी हवा और भीषण बारिश की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने की है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद गुजरात से लेकर मुंबई तक सावधानी बरती जा रही है। चक्रवात गुजरात की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन इसका असर सुदूर केरल तक देखा जा रहा है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण तमाम समुद्रतटों पर सैलानियों के जाने पर रोक लगाई गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद गुजरात में मछुआरों को भी समुद्र में जाने से मना किया गया है। भारतीय कोस्ट गार्ड और नौसेना लगातार समुद्र में चौकसी बरत रहे हैं। गुजरात सरकार ने कई इलाकों से 50000 परिवारों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया है। इन सभी के लिए जरूरी चीजों की व्यवस्था इन राहत शिविरों में की गई है। सेना की टुकड़ियों को भी तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 17 से ज्यादा टीमों को चक्रवात के दौरान किसी आपदा से बचाने के लिए तैनात किया गया है।

गुजरात सरकार ने एक कंट्रोल रूम भी बनाया है। इस कंट्रोल रूम से बिपरजॉय की राह में आने वाले सभी इलाकों की मॉनीटरिंग की जा रही है। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी खुद हालात पर नजर रखे हुए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी बीते दिनों बिपरजॉय के कारण होने वाले नुकसान का जायजा एक मीटिंग में लिया था। उन्होंने गुजरात सरकार को इस हालात से निपटने के लिए केंद्र की तरफ से सभी संभव मदद देने की बात कही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिपरजॉय तूफान के संबंध में बड़ी बैठक कर चुके हैं।

Exit mobile version