News Room Post

Sunita Kejriwal: अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद अब उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल बड़ी भूमिका में दिखेंगी!, सूत्रों के हवाले से न्यूज चैनल का दावा

Sunita Kejriwal: अरविंद केजरीवाल जब ईडी की हिरासत में थे, तो रोज सुनीता उनसे मिलने जाती थीं। तिहाड़ में रहने के दौरान जिन 6 लोगों का नाम मुलाकात करने वालों के तौर पर अरविंद केजरीवाल ने दिया है, उनमें भी सुनीता हैं। सुनीता ने अरविंद केजरीवाल की गैर मौजूदगी में उनके कई संदेश भी पढ़े थे।

नई दिल्ली। शराब घोटाला मामले में दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक यानी सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने 2 बार अरविंद केजरीवाल को ईडी की रिमांड पर भेजा और सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल रवाना कर दिया। अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी के नेता ये कहते रहे हैं कि जेल से ही केजरीवाल सरकार चलाते रहेंगे। हालांकि, जेल मैन्युअल यानी तिहाड़ के नियम इसकी राह में बाधा बनते हैं। ऐसे में सरकार का मुखिया क्या किसी और को अरविंद केजरीवाल बनाएंगे? ये सवाल अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही उठ रहा है। अब एबीपी न्यूज ने सूत्रों के हवाले से इस बारे में ताजा जानकारी दी है।

सुनीता केजरीवाल ने दिल्ली में विपक्ष की रैली को भी संबोधित किया था।

एबीपी न्यूज ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण भूमिका में दिख सकती हैं। हालांकि, सूत्रों ने ये नहीं बताया कि सुनीता केजरीवाल की ये महत्वपूर्ण भूमिका क्या होगी। अरविंद केजरीवाल जब ईडी की हिरासत में थे, तो रोज सुनीता केजरीवाल उनसे मिलने जाती थीं। तिहाड़ जेल में रहने के दौरान जिन 6 लोगों का नाम मुलाकात करने वालों के तौर पर अरविंद केजरीवाल ने दिया है, उनमें भी सुनीता केजरीवाल हैं। सुनीता केजरीवाल ने अरविंद केजरीवाल की गैर मौजूदगी में उनके कई संदेश भी पढ़े थे। विपक्षी दलों की बैठक में आम आदमी पार्टी की तरफ से सुनीता केजरीवाल ने ही भाषण दिया था। यानी अरविंद केजरीवाल के गिरफ्तार होने के बाद से ही सुनीता केजरीवाल मुख्य भूमिका में आती दिखाई दी थीं।

शराब घोटाला मामले में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को किंगपिन यानी मुख्य साजिशकर्ता बताया है। अरविंद केजरीवाल से पहले ईडी ने उनकी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और डिप्टी सीएम रहे मनीष सिसोदिया को शराब घोटाला मामले में ही गिरफ्तार किया था। कई और आरोपी भी शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें साउथ कार्टेल चलाने के आरोपों में घिरीं बीआरएस एमएलसी और तेलंगाना के पूर्व सीएम चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता भी हैं।

Exit mobile version