News Room Post

Joshimath: उत्तराखंड के जोशीमठ में जमीन दरकने से गिरा मंदिर, केंद्र ने बनाई कमेटी, आज दौरा करेंगे सीएम पुष्कर सिंह धामी

CM Dhami on joshimath cracks

जोशीमठ। उत्तराखंड के जोशीमठ में जमीन के दरकने और खिसकने से पहली घटना हो गई है। बदरीनाथ धाम से महज 50 किलोमीटर दूर स्थित जोशीमठ में एक मंदिर धराशायी हो गया है। यहां पहले ही सभी 9 वार्ड खतरे वाले घोषित कर दिए गए हैं। इन वार्डों में 603 मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं। ये दरारें दिन पर दिन चौड़ी होती जा रही हैं। दो दर्जन से ज्यादा परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। वहीं, केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय ने हालात का जायजा लेने और सुरक्षा के उपाय बताने के लिए कमेटी का गठन किया है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी आज जोशीमठ का दौरा भी करने वाले हैं।

जोशीमठ के एक मकान में आई दरार के बाद परिवार ने किया पलायन

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को सिंहधार वार्ड में जमीन खिसकने से भगवती मंदिर गिर गया। यहां ये पहली घटना है। आशंका है कि अब तमाम मकान और दुकानों पर भी ऐसा ही संकट आ सकता है। मंदिर गिरने से लोगों में दहशत और बढ़ गई है। प्रशासन ने हालात की गंभीरता को देखते हुए बीते कल 6 और परिवारों को सुरक्षित जगह भेजा है। इन सभी के घर जमींदोज होने के पूरे आसार दिखने लगे थे। घरों की दीवारों में दरारों के बाद अब फर्श भी धंस रहे हैं। ज्यादातर लोग जान बचाने के लिए कड़कती ठंड में परिवार समेत बाहर ही दिन और रात गुजार रहे हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आपात बैठक की थी। जिसके बाद उत्तराखंड सरकार ने जोशीमठ के लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर अस्थायी पुनर्वास केंद्र बनाने का फैसला किया था। आपदा कंट्रोल रूम यहां शुरू कर दिया गया है। साथ ही मारवाड़ी इलाके पर पैनी नजर रखी जा रही है। मारवाड़ी इलाके में जमीन के नीचे से सोते फूट रहे हैं और तेज पानी की धार से कटाव भी हो रहा है। कई घरों में दरारों से भी पानी निकलता देखा जा रहा है।

Exit mobile version