मोहाली। खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे का मुखिया अमृतपाल सिंह बीती 18 मार्च से फरार है। पुलिस ने उसे भगोड़ा करार दिया है। लगातार उसकी तलाश में पंजाब पुलिस की टीमें लगी हैं। अमृतपाल सिंह तो अब तक पकड़ में नहीं आया, लेकिन पपलप्रीत सिंह और जोगा सिंह समेत उसके कई करीबी गिरफ्तार हो चुके हैं। अब पंजाब पुलिस ने मोहाली के सेक्टर 88 से अमृतपाल सिंह के दो और करीबियों को गिरफ्तार किया है। अमृतपाल के इन दो करीबियों के नाम गुरजंट सिंह और निशा रानी हैं। दोनों पर अमृतपाल को शरण देने और फरार कराने का आरोप है।
पंजाब पुलिस की टीमों ने एक गाड़ी का पीछा करते हुए सेक्टर 88 मोहाली में एक मकान को घेरा। जहां से गुरजंट सिंह और निशा रानी की गिरफ्तारी की गई। पुलिस के सूत्रों का दावा है कि अब अमृतपाल सिंह भी ज्यादा वक्त तक बच नहीं पाएगा और जल्दी ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। अमृतपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ पंजाब पुलिस ने 18 मार्च को अभियान छेड़ा था। तब अमृतपाल और पपलप्रीत सिंह पुलिस को छकाते हुए फरार हो गए थे। इसके बाद अमृतपाल सिंह और पपलप्रीत के कई सीसीटीवी वीडियो सामने आए थे।
सीसीटीवी में पता चला था कि अमृतपाल और उसका साथी पंजाब के जालंधर से लेकर हरियाणा और दिल्ली तक घूमे। अमृतपाल ने इस दौरान 2 बार फेसबुक लाइव भी किया। उसने अकाल तख्त के जत्थेदार से सरबत खालसा बुलाने की मांग की थी, लेकिन जत्थेदार ने इसे ठुकरा दिया था। खबर ये भी आई थी कि अमृतपाल अब यूपी के लखीमपुर खीरी इलाके में कहीं छिपा है। उसकी तलाश यहां भी की गई है। सबकी नजर अब इसपर है कि देशद्रोह की बातें करने वाला अमृतपाल सिंह कब तक पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आता है। अमृतपाल सिंह दुबई में रहता था। वहां ड्राइवर का काम करता था। बाद में वो भारत आ गया और खुद को जरनैल सिंह भिंडरावाले की तरह प्रोजेक्ट करने लगा। उसने अपने एक साथी की रिहाई के लिए पंजाब में थाने पर धावा भी बोला था। जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।