newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amritpal Singh: अमृतपाल सिंह के दो और करीबी गिरफ्तार, पुलिस सूत्रों के मुताबिक जल्दी ही पकड़ा जाएगा खालिस्तान समर्थक

अमृतपाल सिंह दुबई में रहता था। वहां ड्राइवर का काम करता था। बाद में वो भारत आ गया और खुद को जरनैल सिंह भिंडरावाले की तरह प्रोजेक्ट करने लगा। उसने अपने एक साथी की रिहाई के लिए पंजाब में थाने पर धावा भी बोला था। जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पंजाब पुलिस ने इसके बाद उसके खिलाफ अभियान छेड़ा था।

मोहाली। खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे का मुखिया अमृतपाल सिंह बीती 18 मार्च से फरार है। पुलिस ने उसे भगोड़ा करार दिया है। लगातार उसकी तलाश में पंजाब पुलिस की टीमें लगी हैं। अमृतपाल सिंह तो अब तक पकड़ में नहीं आया, लेकिन पपलप्रीत सिंह और जोगा सिंह समेत उसके कई करीबी गिरफ्तार हो चुके हैं। अब पंजाब पुलिस ने मोहाली के सेक्टर 88 से अमृतपाल सिंह के दो और करीबियों को गिरफ्तार किया है। अमृतपाल के इन दो करीबियों के नाम गुरजंट सिंह और निशा रानी हैं। दोनों पर अमृतपाल को शरण देने और फरार कराने का आरोप है।

Amritpal Singh pic

पंजाब पुलिस की टीमों ने एक गाड़ी का पीछा करते हुए सेक्टर 88 मोहाली में एक मकान को घेरा। जहां से गुरजंट सिंह और निशा रानी की गिरफ्तारी की गई। पुलिस के सूत्रों का दावा है कि अब अमृतपाल सिंह भी ज्यादा वक्त तक बच नहीं पाएगा और जल्दी ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। अमृतपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ पंजाब पुलिस ने 18 मार्च को अभियान छेड़ा था। तब अमृतपाल और पपलप्रीत सिंह पुलिस को छकाते हुए फरार हो गए थे। इसके बाद अमृतपाल सिंह और पपलप्रीत के कई सीसीटीवी वीडियो सामने आए थे।

Amritpal Singh

सीसीटीवी में पता चला था कि अमृतपाल और उसका साथी पंजाब के जालंधर से लेकर हरियाणा और दिल्ली तक घूमे। अमृतपाल ने इस दौरान 2 बार फेसबुक लाइव भी किया। उसने अकाल तख्त के जत्थेदार से सरबत खालसा बुलाने की मांग की थी, लेकिन जत्थेदार ने इसे ठुकरा दिया था। खबर ये भी आई थी कि अमृतपाल अब यूपी के लखीमपुर खीरी इलाके में कहीं छिपा है। उसकी तलाश यहां भी की गई है। सबकी नजर अब इसपर है कि देशद्रोह की बातें करने वाला अमृतपाल सिंह कब तक पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आता है। अमृतपाल सिंह दुबई में रहता था। वहां ड्राइवर का काम करता था। बाद में वो भारत आ गया और खुद को जरनैल सिंह भिंडरावाले की तरह प्रोजेक्ट करने लगा। उसने अपने एक साथी की रिहाई के लिए पंजाब में थाने पर धावा भी बोला था। जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।