News Room Post

कोरोना की चपेट में आये पति को छोड़कर मायके भाग गयी पत्नी, पूरे परिवार पर दर्ज हुई FIR

Coronavirus

नई दिल्ली। कोरोनावायरस का डर लोगों के अंदर घर करता जा रहा है। हाल ही में इटली से हनीमून मनाकर वापस लौटा एक जोड़ा अचानक से कोरोनावायरस की वजह से खबरों में आ गया। दरअसल ये पति पत्नी इटली, फ़्रांस, ग्रीस में हनीमून मनाकर 27 फरवरी को वापस मुंबई लौटे थे। इसके बाद ये दोनों लोग बेंगलुरु पहुंचे जहां 7 मार्च को जब पति कोरोना पॉजिटिव पाया गया तो पत्नी उसको छोड़कर मायके भाग गयी।

अब कोरोनावायरस की जांच से भागकर आगरा पहुंची महिला और उसके परिवार की दिक्कत बढ़ गई है। क्योंकि सरकार कोरोनावायरस के संक्रमण की जांच में सहयोग करने की लगातार अपील कर रही है। मगर यहां महिला पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगा है। इस आरोप में महिला और उसके परिवार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

आरोप के मुताबिक जैसे ही महिला को पता चला कि उसके पति में कोरोना के लक्षण हैं तो वो वहां से भाग गई। वह बिना किसी को बताए बेंगलुरु से दिल्ली पहुंची और यहां से गतिमान एक्सप्रेस में बैठकर आगरा पहुंच गयी।

चूंकि इस वक्त कोरोनावायरस को सरकार गंभीरता से ले रही है इसलिए इस बात की जानकारी जैसे ही प्रशासन को लगी तो सबके हाथपांव फूल गए। जानकारी मिलते ही जांच टीम जब महिला को लेने उसके घर पहुंची तो परिवार वालों ने झूठ बोलना शुरू कर दिया कि वह आगरा में मौजूद ही नहीं है। इसके बाद जब पुलिस को घर के अंदर भेजा गया तो महिला घर के अंदर परिवार के सदस्यों के साथ आराम से बैठी हुई थी। अब महिला के साथ उसके परिवार के सभी सदस्यों को जांच के दायरे में रखा गया है।

गौरतलब है कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की लैब में महिला के जो सैंपल्स भेजे गए, उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब सैंपल्स दूसरी बार कन्फर्म करने के लिए लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में भेजे गए है।

इसके साथ ही ये भी बताया जा रहा है कि जिस गतिमान एक्सप्रेस की बोगी में बैठकर महिला दिल्ली से नौ मार्च को आगरा वापस लौटी थी। उस बोगी में सवार सभी यात्रियों की स्वास्थ्य विभाग तलाश करने में जुटा हुआ है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने उस बोगी में सवार सभी यात्रियों की लिस्ट भी तैयार कर ली है और सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है जिससे की किसी भी तरह से वायरस अन्य लोगों तक न पहुंचे।

Exit mobile version