News Room Post

Dhoni To Shun IPL? क्या आईपीएल भी खेलना छोड़ देंगे माही? आज दोपहर 2 बजे फेसबुक पर करने वाले हैं कौन सा धमाका!

ms dhoni 1

रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और आईपीएल की चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से जुड़े महेंद्र सिंह धोनी यानी माही क्या अब आईपीएल भी खेलना छोड़ देंगे? ये सवाल माही के एक अनाउसमेंट के बाद उनके फैंस पूछ रहे हैं। दरअसल, धोनी ने शनिवार को फेसबुक पर पोस्ट किया कि वो 25 सितंबर यानी आज दोपहर 2 बजे कुछ खास एलान करने वाले हैं। धोनी ने अपने फैंस से उम्मीद जताई है कि वे इस फेसबुक लाइव से जुड़ेंगे। धोनी आमतौर पर सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखते हैं। वो लाइमलाइट में भी कभी नहीं आते। साल 2020 में धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने का एलान किया था। अब तक वो आईपीएल में खेलते रहे हैं।

खास बात ये है कि धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने का एलान भी सोशल मीडिया के जरिए ही किया था। अभी ये तो पता नहीं है कि आज दोपहर वो क्या एलान करने वाले हैं, लेकिन उनके फैंस के बीच चर्चा इसी की है कि अब माही क्रिकेट न खेलकर किसी और बड़े काम में हाथ आजमाने जा रहे हैं। इसकी वजह ये भी है कि धोनी ने अपने फेसबुक पेज पर ये कहा है कि वो कुछ ‘एक्साइटिंग’ जानकारी देने वाले हैं। ऐसे में चर्चाओं का बाजार गर्माया हुआ है।

धोनी को महानतम कप्तानों में गिना जाता है। उन्होंने टीम इंडिया को साल 2007 में टी-20 विश्व कप, साल 2011 में विश्व कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी दिलाई थी। उन्होंने आईपीएल में सीएसके की तरफ से 234 मैच खेलकर 4978 रन भी बनाए हैं। सीएसके को धोनी ने चार बार आईपीएल की ट्रॉफी दिलाई है। धोनी ने हालांकि कहा था कि वो आईपीएल के 2023 सीजन में भी खेलेंगे, लेकिन अब हो सकता है कि वो क्रिकेट को ही अलविदा कहने वाले हों। देखते हैं आज दोपहर 2 बजे माही क्या एलान करते हैं।

Exit mobile version