News Room Post

China With Terrorist: चीन का फिर भारत विरोधी कदम, अब आतंकी हाफिज सईद के बेटे तलहा पर प्रतिबंध के प्रस्ताव में अटकाया रोड़ा

hafiz saeed and talha saeed

संयुक्त राष्ट्र। चीन ने एक बार फिर पाकिस्तान का पक्ष लेते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत विरोधी रुख दिखाया है। भारत और अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव पेश किया था। इस प्रस्ताव के तहत पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के चीफ हाफिज सईद के बेटे तलहा सईद को वैश्विक आतंकी घोषित कर उसपर प्रतिबंध लगाना था। चीन ने इस प्रस्ताव के खिलाफ वोट देकर रोड़ा अटका दिया। इससे पहले चीन ने बीते मंगलवार को पाकिस्तानी आतंकी शाहिद महमूद को वैश्विक आतंकी घोषित करने के प्रस्ताव को वीटो किया था।

भारत ने इस साल अप्रैल में अपने यूएपीए कानून के तहत तलहा सईद को आतंकी घोषित किया था। तलहा पर भारत में आतंकवादी गतिविधियां कराने, फंड हासिल करने और अन्य आरोप लगाए गए थे। हाफिज सईद को पाकिस्तान के एक कोर्ट से 31 साल की सजा होने के बाद भारत ने तलहा के खिलाफ कार्रवाई की थी। तलहा लगातार भारत विरोधी गतिविधियां करता है। वो भारत के खिलाफ अपने पिता की तरह बयानबाजी भी करता है। साथ ही ये आरोप है कि तलहा सईद अफगानिस्तान में भारत के दूतावास और अन्य प्रतिष्ठानों पर हमले की साजिश रचता रहा है। साल 2007 में उसने वीडियो जारी कर कहा था कि जम्मू-कश्मीर में हर हाल में जेहाद होकर रहेगा।

पाकिस्तानी आतंकियों को चीन लगातार समर्थन देता रहा है। पिछले 4 महीने में ये पांचवां मौका है, जब उसने भारत विरोधी किसी पाकिस्तानी आतंकी का पक्ष लिया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 1267 नंबर से अलकायदा प्रतिबंध समिति बनाई थी। इसी के तहत वैश्विक आतंकी घोषित किया जाता है। चीन लगातार इस काम में रोड़ा अटकाता है। इसकी वजह पाकिस्तान से उसकी नजदीकी और भारत के साथ जारी सीमा विवाद है।

Exit mobile version