News Room Post

Modi In USISPF: ‘भारत-अमेरिका का दृढ़ संकल्प 21वीं सदी की नियति बदलेगा’, यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक फोरम में पीएम मोदी बोले

pm modi

वॉशिंगटन। पीएम मोदी अपने अमेरिका दौरे के अंतिम चरण में हैं। आज अमेरिका का दौरा खत्म कर मोदी मिस्र पहुंचेंगे। अमेरिका दौरा खत्म करने से पहले मोदी ने वॉशिंगटन के केनेडी सेंटर में यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम USISPF को संबोधित किया। पीएम ने यूएसआईएसपीएफ के कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका की यात्रा के दौरान उनको इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार था। मोदी ने मौजूद लोगों से कहा कि आप सभी अमेरिका की विकास यात्रा के मजबूत स्तंभ हैं। चाहे आप सांसद हों, बिजनेस लीडर हों, डॉक्टर हों, इंजीनियर हों या वैज्ञानिक हों, आप सभी ने अपनी लगन और मेहनत से अमेरिका को इतनी ऊंचाई दी है। उन्होंने बताया कि हमने एफडीआई का रिकॉर्ड बनाया है। महंगाई कंट्रोल की है। राजकोषीय घाटा कम किया है। मौजूदा हालात में भी हमने ऐसा करके दिखाया है।

मोदी ने कहा कि आप अमेरिका के सपनों का हिस्सा हैं। आपने अमेरिकी सपने को जीया है। उन्होंने कहा कि सुविधा के लिए भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी नहीं, बल्कि बेहतर दुनिया के लिए है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका का दृढ़ संकल्प 21वीं सदी की नियति को बदलने का माद्दा रखता है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत की भविष्य की यात्रा में शामिल होने के लिए आपको न्योता दे रहा हूं। मोदी ने कहा कि आइए, हम एक बेहतर दुनिया और बेहतर भविष्य के लिए एक साथ आएं। सुनिए यूएसआईएसपीएफ में मोदी का पूरा संबोधन।

मोदी के संबोधन से पहले अमेरिका के विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि भारत के पीएम की अमेरिका यात्रा ऐतिहासिक रही है। ब्लिंकेन ने कहा कि भारत और अमेरिका दो महान देश, दो महान दोस्त, दो महान ताकत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर 21वीं सदी की दिशा तय कर सकते हैं। एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि इस राजकीय यात्रा पर भारत-अमेरिका में कई करार हुए हैं। जो दिखाते हैं कि हमारी साझेदारी कितनी व्यापक है। अमेरिकी विदेश सचिव ने बताया कि भारत और उनके देश के बीच समुद्र, अंतरिक्ष, विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में अहम समझौते हुए हैं। एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि भारत और अमेरिका को इन साझेदारी से फायदा होगा।

Exit mobile version