News Room Post

Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप ने दिया विवादित बयान, बोले- अगर मैं राष्ट्रपति न चुना गया तो होगा खूनखराबा

ओहियो। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने अजब-गजब बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने एक ऐसा बयान दिया है, जिससे विवाद खड़ा हो सकता है। डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ओहियो के पास एक रैली को संबोधित किया। इस रैली में ट्रंप ने ये चेतावनी दे दी कि अगर अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में वो नहीं जीते, तो देश में खूनखराबा होगा। उन्होंने ये भी कहा कि स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। ट्रंप ने हालांकि, अपने इस बयान के बारे में और ज्यादा कुछ नहीं कहा। वैसे उन्होंने अपनी रैली की शुरुआत 6 जनवरी 2020 की घटना के बाद गिरफ्तार लोगों की याद में अमेरिका का राष्ट्रीय गान गाते हुए की।

ट्रंप आजकल खूब चुनावी रैलियां कर रहे हैं। अपनी रैलियों में वो 6 जनवरी 2020 की घटना का जिक्र भी करते हैं। इस तारीख को ट्रंप समर्थकों ने अमेरिकी संसद यानी कैपिटल पर कब्जा कर लिया था। ट्रंप ने एक बार फिर 2020 में हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों की निंदा की। उस साल डोनाल्ड ट्रंप को जो बाइडेन ने राष्ट्रपति चुनाव में हरा दिया था। ट्रंप लगातार कहते हैं कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई। खैर, अपनी ताजा रैली में ट्रंप ने एक बार फिर से चीन पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि अगर मैं अमेरिका का राष्ट्रपति बना, तो अमेरिका से आयात किया हुआ कोई भी वाहन चीन में नहीं बिक सकेगा।

ट्रंप ने इससे पहले भी कई विवादित बयान दिए हैं। उन्होंने बीते दिनों ये भी कहा था कि राष्ट्रपति चुने जाने पर वो अवैध प्रवासियों को अमेरिका से निकाल बाहर करेंगे। ट्रंप ने ये बयान भी दिया था कि अवैध प्रवासियों की वजह से अमेरिका में स्थानीय लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। बता दें कि ट्रंप जब अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे, तब उन्होंने अवैध प्रवासियों को रोकने के लिए मेक्सिको सीमा पर दीवार खड़ी करवाने का फैसला भी किया था।

Exit mobile version