News Room Post

Ajab-Gazab News: दुनिया के इस कोने में रचती है भूतों की शादी, 3000 सालों से निभाई जा रही प्रथा

नई दिल्ली। पूरी दुनिया में अजीबो गरीब प्रथाएं और रीति रिवाज हैं, जिन्हें सुनकर ही हैरानी होती है। चीन में ऐसा ही एक हैरान करने वाला रिवाज प्रचलित है, जो काफी अजीबोगरीब है। क्या आपने कभी भूतों की शादी के बारे में सुना है? शायद नहीं, लेकिन चीन में भूतों की शादी कराई जाती है। वहां ये एक प्रकार का रिवाज है। तो क्या इस शादी में भूत मौजूद होते हैं? ये शादी किस तरह की होती है और कैसे की जाती है? आइये, आपको इन सभी चीजों के बारे में बताते हैं…चीन में लगभग 3,000 सालों से प्रचलित इस रिवाज के अन्तर्गत दो अविवाहित मृत लोगों का विवाह कराया जाता है। ऐसी मान्यता है कि ऐसा इसलिए किया जाता है कि वो लोग जीवन के बाद अकेले ना रहें। ये शादी जीवित लोगों द्वारा पूरे रीति रिवाज से करवाई जाती है। इसमें वो सभी रस्में शामिल की जाती हैं जो जीवित लोगों की शादी में अपनाई जाती हैं।

इस भूत विवाह में “दुल्हन” का परिवार दुल्हन की कीमत की मांग करते हुए दहेज लेता है। इस दहेज में आभूषण, नौकर और एक हवेली शामिल होती है। हालांकि, ये सभी प्रक्रियाएं कागजी श्रध्दांजलि के रूप में दी जाती हैं। इस भूत विवाह में भी उम्र और वर-वधू की पारिवारिक पृष्ठभूमि उतनी ही अहम होती है, जितनी कि पारंपरिक शादियों में होती है। इसलिए परिवार का मिलान करने के लिए इस शादी में फेंग शुई मास्टर्स की सहायता ली जाती है। ये फेंगशुई मास्टर्स शादी के लिए परिवारों का मेल कराते हैं। इस विवाह समारोह में दूल्हा और दुल्हन का अंतिम संस्कार किया जाता है और इसके बाद एक भोज का आयोजन किया जाता है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण रस्म ये होती है कि दुल्हन की हड्डियों को खोदकर दूल्हे की कब्र के अंदर डाल दिया जाता है। इस शादी को कराने की वजह हर जगह पर अलग होती है।

घोस्ट वेडिंग शोक में डूबे रिश्तेदारों की तरफ से एक श्रध्दांजलि के रूप में आयोजित की जाती है, क्योंकि एक मृत दुल्हन को ढूंढना उतना ही मशक्कत भरा होता है, जितना कोई व्यक्ति अपने जीवित बेटे के लिए ढूंढता है। चीन में ऐसी मान्यता है कि अगर मृतकों की इच्छा पूरी नहीं होती है तो दुर्भाग्य उनके पीछे पड़ जाता है। इसके अलावा, कुछ लोगों का मानना है कि भूतों की शादी करने से मृतकों की आत्मा को शांति प्राप्त होती है। उनके अनुसार, मृत्यु के बाद भी जीवन जारी रहता है, ऐसे में उन्हें एक जीवनसाथी की जरूरत होती है। वहीं, दूसरी ओर अगर किसी ने जिंदा रहते हुए विवाह नहीं किया, तो उनकी मौत के बाद उन्हें शादी करने की आवश्यकता है।

Exit mobile version