News Room Post

Khalistanis Attack Journalist: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में भारतीय पत्रकार पर खालिस्तानियों का हमला, भद्दी गालियां दी, देखिए Video

khalistanis in us attack indian journalist

वॉशिंगटन। विदेश में बसे खालिस्तान समर्थकों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते दिनों खालिस्तानियों ने लंदन में भारतीय उच्चायोग और अमेरिका के शिकागो में भारत के कॉन्सुलेट पर हमला किया था। अब उन्होंने एक भारतीय पत्रकार को अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के सामने भद्दी गालियां दीं और पीटा। पंजाब में खालिस्तानी अमृतपाल सिंह के खिलाफ हो रहे एक्शन का विरोध करने के लिए वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के बाहर ये खालिस्तान समर्थक प्रदर्शन कर रहे थे। जिसे भारतीय पत्रकार ललित झा कवर करने गए थे। ललित झा के मुताबिक उनसे गालीगलौज और मारपीट की घटना शनिवार दोपहर को हुई।

ललित झा पर हुए हमले और उनसे खालिस्तानियों की गालीगलौज का वीडियो भी सामने आया है। पत्रकार ललित झा के मुताबिक खालिस्तानियों ने जब उनपर हमला किया, तो अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उनकी जान बचाई। ललित के मुताबिक खालिस्तानियों ने उनके कान पर दो बार डंडे मारे। ललित झा का कहना है कि अगर सीक्रेट सर्विस वालों ने बचाया न होता, तो मैं हॉस्पिटल से ट्वीट कर जानकारी दे रहा होता। उन्होंने घटना का ब्योरा देते हुए कहा कि हमले के बाद उन्होंने आपातकालीन नंबर 911 पर कॉल किया। जिसके बाद सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर आए। ये रहा ललित झा पर हमले का वीडियो। इसमें भद्दी गालियां भी हैं।

ललित के मुताबिक वो हमले से डर गए थे। हालांकि, उन्होंने खुद से मारपीट करने वालों पर केस न करने का फैसला किया है। ललित के मुताबिक भारतीय दूतावास के बाहर बड़ी तादाद में खालिस्तान का झंडा लेकर प्रदर्शनकारी जुटे थे। ये सभी अमृतपाल सिंह के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। पत्रकार का कहना है कि खालिस्तानियों ने भारत के दूतावास में तोड़फोड़ की धमकी भी दी। उन्होंने भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू को भी गालियां दी। खालिस्तान समर्थक वॉशिंगटन डीसी, वर्जीनिया और मैरीलैंड राज्यों से आए थे।

Exit mobile version