News Room Post

Vivek Ramaswamy: अमेरिका में भारतीय मूल के राष्ट्रपति पद के दावेदार विवेक रामास्वामी को हत्या की धमकी देने वाला गिरफ्तार, 30 साल का है टायलर एंडरसन नाम का आरोपी

vivek ramaswamy 1

वॉशिंगटन। अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के दावेदार भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान टायलर एंडरसन के तौर पर हुई है। अमेरिका के न्याय विभाग के अनुसार एंडरसन ने 2 बार विवेक रामास्वामी को मार डालने की धमकी दी। आरोपी 30 साल का है। टायलर एंडरसन ने पहली बार धमकी में कहा था कि मेरे लिए उम्मीदवार के दिमाग को उड़ाने का अच्छा मौका है। दूसरी बार एंडरसन ने कहा था कि विवेक रामास्वामी के अगले कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों को वो मार डालेगा। दोनों बार टायलर एंडरसन की तरफ से धमकी मिलने के बाद विवेक रामास्वामी की टीम ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। जिसके बाद पुलिस ने एंडरसन को तलाश किया और उसे हथकड़ी पहनाकर जेल में ठूंसा है। एंडरसन को इस मामले में दोषी पाए जाने पर 5 साल की कैद, 3 साल की निगरानी और 250000 डॉलर तक के जुर्माने की सजा हो सकती है।

टायलर एंडरसन की गिरफ्तारी के बाद विवेक रामास्वामी ने कानून लागू कराने वाली एजेंसियों को धन्यवाद दिया है। विवेक रामास्वामी ने कहा कि जो टीम हमारे आसपास है और मुझे सुरक्षित रखने के लिए काम कर रही है, उसका आभारी हूं। अब आपको बताते हैं कि विवेक रामास्वामी आखिर कौन हैं। विवेक रामास्वामी एक करोड़पति कारोबारी हैं। वो डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े हैं और ट्रंप की जगह इस बार रिपब्लिकन पार्टी से अमेरिका के राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनना चाहते हैं। विवेक रामास्वामी की उम्र 37 साल है। उन्होंने अब तक अपने प्रचार में कहा है कि अमेरिका में वो सियासी कैंपेन के अलावा सांस्कृतिक आंदोलन भी शुरू कर रहे हैं। विवेक रामास्वामी का कहना है कि इन आंदोलनों में सिर्फ पैसे की बात नहीं, लगातार आगे बढ़ने और बेहतरीन बनने की चाहत है।

विवेक रामास्वामी के माता-पिता केरल से अमेरिका गए थे। रामास्वामी के पिता गणपति एक इंजीनियर थे। उनकी मां गीता ने सिनसिनाटी में साइकियाट्रिस्ट का काम किया। विवेक रामास्वामी के भाई शंकर बायो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करते हैं। विवेक की पत्नी अपूर्वा तिवारी हैं। अपूर्वा ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी में सर्जन हैं। विवेक रामास्वामी ने हार्वर्ड कॉलेज से बायोलॉजी की पढ़ाई की और फिर येल यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री भी ली। कई बड़ी कंपनियों में विवेक रामास्वामी काम कर चुके हैं।

Exit mobile version