News Room Post

कोरोना के बाद अब इबोला ने दी कांगो में दस्तक, चार लोगों की मौत

मबंडाका। पूरा विश्व इस समय कोरोना से जंग लग रहा है। इस घातक महामारी से मरने वाले आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसके अलावा अब कांगो में इबोला वायरस ने दस्तक दे दी है। स्थानीय अधिकारियों के अलावा इसकी डब्ल्यूएचओ ने भी पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक कांगो में इबोला के छह नए मामले सामने आए हैं, इनमें से चार की मौत हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पश्चिमी शहर मबंडाका में इबोला वायरस के छह नए मामले सामने आए हैं। इनमें से चार मरीजों की मौत हो गई है।

बता दें कि साल 2018 के बाद यह दूसरी बार है जब कांगो में इबोला वायरस के नए मामले सामने आए हैं। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस ने कहा कि कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इबोला वायरस के मामलों की जानकारी दी है। हालांकि जिस शहर में इबोला वायरस के मामले सामने आए हैं, वहां कोरोना वायरस का अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि पूरे कांगो में कोरोना के अब तक करीब 3,000 मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना और इबोला का आपस में कोई संबंध नहीं है।

आपको बता दें कि इबोला अफ्रीका की क्षेत्रीय बीमारी है, जो इससे संक्रमित व्यक्ति के शरीर से निकलने वाले तरल पदार्थ के संपर्क में आने पर फैलती है। इसके लक्षणों में शुरू में अचानक बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द और गले में खराश होती है। इसके बाद उल्टी होना, डायरिया और कुछ मामलों में अंदरूनी और बाहरी रक्तस्राव होता है। अधिक रक्तस्राव से मौत होने का खतरा रहता है। मनुष्यों में इसका संक्रमण संक्रमित जानवरों, जैसे चिंपैंजी, चमगादड़ और हिरण आदि के सीधे संपर्क में आने से होता है।

Exit mobile version