News Room Post

Lion Attack In Lahore: लाहौर में पालतू शेर ने महिला और बच्चों पर कर दिया हमला!, देखिए घटना का Video

Lion Attack In Lahore: महिला के पति ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शेर के पीछे उसे पालने वाले भी आए थे, लेकिन वो हमले को रोकने की जगह खड़े रहे। जैसे कि वो शेर के हमले का मजा ले रहे हों। घटना के बाद शेर को साथ लेकर आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए।

लाहौर। पाकिस्तान और अरब देशों में तमाम लोग घरों में खूंखार जानवर पालते हैं और उनको लेकर सड़क पर टहलते भी दिखते हैं। इन खूंखार जानवरों से आम लोगों को खतरे के बावजूद ऐसा करने वालों पर कोई रोक नहीं लगती। अब पाकिस्तान के लाहौर में एक खतरनाक घटना हुई है। यहां एक पालतू शेर सड़क पर आ गया और उसने एक महिला और उसके 5 और 7 साल के बच्चों पर हमला कर उनको घायल कर दिया। ये पालतू शेर 11 महीने का है।

सोशल मीडिया में आए सीसीटीवी फुटेज में शेर का महिला और बच्चों पर हमला करने वाला वीडियो कैद हुआ है। इसके बाद लोग खूंखार जानवरों को पालने के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। महिला और बच्चों पर शेर के हमले की पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस के मुताबिक बाहर निकले शेर ने पहले महिला पर हमला किया। उसके बाद उसके बच्चों के हाथ और चेहरे पर नाखून मारे। तीनों को लोग तत्काल अस्पताल ले गए। उनकी हालत स्थित बताई जा रही है। हालांकि, महिला और उसके बच्चे शेर के हमले के बाद बहुत दहशत में हैं। महिला के पति ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शेर के पीछे उसे पालने वाले भी आए थे, लेकिन वो हमले को रोकने की जगह खड़े रहे। जैसे कि वो शेर के हमले का मजा ले रहे हों।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। लाहौर के डीआईजी के दफ्तर से मीडिया को जानकारी दी गई कि मौके से शेर को लेकर उसे पालने वाले फरार हो गए थे। पुलिस ने हालांकि 12 घंटे के भीतर 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शेर को जब्त कर वन विभाग को सौंपा। फिलहाल शेर को लाहौर के चिड़ियाघर में रखा गया है। अभी ये जानकारी नहीं मिली है कि शेर पालने वालों पर लाहौर पुलिस ने क्या धाराएं लगाई हैं। पाकिस्तान में खूंखार जानवरों को पालने के खिलाफ कोई नियम कानून न होने से आरोपियों को कोर्ट से राहत मिल सकती है।

Exit mobile version