News Room Post

Vladimir Putin On War: यूक्रेन से युद्ध रोकने पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी सहमत, लेकिन रखी ये शर्तें

Vladimir Putin On War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का ये बयान उस वक्त आया, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर रूस युद्ध विराम के लिए राजी नहीं होता, तो हम उसे आर्थिक रूप से बर्बाद कर सकते हैं। अमेरिका ने पुतिन से बात करने के लिए अपना विशेष दूत भेजा है। साथ ही ट्रंप भी पुतिन से फोन पर बात कर सकते हैं।

मॉस्को। यूक्रेन और रूस के बीच 3 साल से जारी युद्ध के रुकने की संभावना बनती दिख रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के युद्ध विराम प्रस्ताव मानने के बाद अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी युद्ध रोकने पर सहमत दिख रहे है। बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको से गुरुवार को मुलाकात के बाद रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि वो युद्ध रोकने के अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव से सहमत हैं। हालांकि, व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन से युद्ध रोकने में दो शर्तें रखी हैं। पुतिन की शर्त है कि युद्ध विराम से स्थायी शांति आए। दूसरी शर्त ये कि यूक्रेन से युद्ध के मूल कारणों का हल निकाला जाए।

व्लादिमिर पुतिन ने ये भी कहा कि हमारी सेना लगातार यूक्रेन में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 2000 किलोमीटर लंबे इलाके में यूक्रेन और रूस की सेना युद्ध कर रही है। व्लादिमिर पुतिन ने ये सवाल भी उठाया कि जब युद्ध विराम हो जाएगा और अगर कोई पक्ष ये आरोप लगाए कि दूसरे पक्ष ने युद्ध विराम समझौते का उल्लंघन किया, तो इसकी तस्दीक कैसे की जाएगी? पुतिन ने कहा कि और भी कई मुद्दों पर चर्चा की जरूरत है। हमें अमेरिका से बात करनी होगी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का ये बयान उस वक्त आया, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर रूस युद्ध विराम के लिए राजी नहीं होता, तो हम उसे आर्थिक रूप से बर्बाद कर सकते हैं। अमेरिका ने पुतिन से बात करने के लिए अपना विशेष दूत भेजा है। साथ ही ट्रंप भी पुतिन से फोन पर बात कर सकते हैं।

इससे पहले सऊदी अरब के जेद्दा में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो और अन्य से बातचीत के बाद यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल ने युद्ध विराम प्रस्ताव को मान लिया था। जिसकी तस्दीक यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की थी। इस युद्ध विराम प्रस्ताव में कहा गया है कि रूस और यूक्रेन 30 दिन के लिए संघर्ष रोकेंगे। रूस का कहना है कि युद्ध विराम को स्थायी करने के लिए उसकी दो शर्तें हैं। पहली ये कि यूक्रेन को नाटो का सदस्य न बनाया जाए। दूसरी शर्त रूस ने रखी है कि यूक्रेन के जितने इलाके पर उसने कब्जा किया, उसे अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिले।

Exit mobile version