News Room Post

Shanghai Protest: चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग की शून्य कोविड नीति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, शंघाई में लोगों ने लगाए सरकार विरोधी नारे

shanghai protest 1

शंघाई। चीन के बारे में माना जाता है कि वहां के लोग अपनी कम्युनिस्ट सरकार के खिलाफ कभी आवाज नहीं उठाते। चीन में आखिरी बार सरकार विरोधी प्रदर्शन तियाननमेन स्क्वॉयर में हुआ था। जिसे सरकार ने बेरहमी से कुचल दिया था। अब एक बार फिर चीन में सरकार विरोधी आवाज उठ रही है। ताजा मामला शंघाई का है। यहां राष्ट्रपति शी जिनपिंग की शून्य कोविड नीति के खिलाफ लोग सड़क पर उतरे और जमकर नारेबाजी की। बता दें कि जिनपिंग की शून्य कोविड नीति के तहत तमाम शहरों में लाखों लोगों को घरों में बंद किया गया है। इन शहरों में राजधानी बीजिंग और आर्थिक राजधानी कहा जाने वाला शंघाई भी है।

शनिवार को शंघाई में ये प्रदर्शन हुआ। यहां लोगों ने शून्य कोविड नीति वापस लेने की मांग कर दी। बीते दिनों उरुमकी शहर में एक भवन में भीषण आग लगी थी। वहां लोग शून्य कोविड नीति के तहत नजरबंद थे। आग से 10 लोगों की मौत हो गई थी। 9 अन्य बुरी तरह झुलसे थे। इसी को आधार बनाकर शंघाई में लोग सड़क पर उतरे और अपनी जान की खातिर सरकार और जिनपिंग विरोधी प्रदर्शन करने लगे। इस प्रदर्शन के वीडियो भी अब सामने आए हैं। उरुमकी शहर में लोग सड़क पर दिख रहे हैं। सभी कम्युनिस्ट शासन और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की नीतियों का विरोध कर रहे हैं। वीडियो में सुनाई देता है कि हमें पीसीआर टेस्ट नहीं, आजादी चाहिए।

चीन में 2019 के बाद से एक बार फिर कोविड यानी कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। बीते दिनों एक ही दिन में 31 हजार से ज्यादा मरीज मिले थे। उसके बाद 32 हजार से ज्यादा मरीज मिलने और फिर 35 हजार से ज्यादा मरीज एक ही दिन में सामने आने से सरकार के हाथ-पैर फूले हुए हैं। चीन में लगातार कोरोना फिर सिर उठा रहा है। जबकि, यहां बहुसंख्यक आबादी को टीका भी लगाया जा चुका है। ऐसे में कई जगह स्कूल और दफ्तर तक बंद कर दिए गए हैं।

Exit mobile version