News Room Post

Operation Kaveri: युद्ध के बीच सूडान से भारत के लिए निकला पहला जत्था, जोर शोर से चल रहा भारत का ‘ऑपरेशन कावेरी’

नई दिल्ली। अफ्रीकी देश सूडान में गृहयुद्ध के बीच हजारों भारतीय फंसे हुए हैं। हालात इतने बुरे हैं कि सड़कों पर सूडान में लाशें पड़ी नजर आ रही हैं। इसके चलते भारतीय लोगों को निकालने की कवायद भी अब तेज हो गई है। भारतीय लोगों को बाहर निकालने के लिए भारत सरकार ने ऑपरेशन कावेरी लॉन्च किया है। जिसके तहत कल 500 लोगों को पोर्ट पर पहुंचाया गया था। अब उन लोगों को भारत लाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सूडान से आने वाले नागरिकों का पहला जत्था निकल चुका है। ये जत्था सऊदी अरब के जेद्दा के लिए भारतीय नौसेना के जहाज में रवाना किया गया है। विदेश मंत्रालय ने इस बारे में सूचना दी है।

आपको बता दें कि इस बारे में जानकारी साझा करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आईएनएस सुमेधा पर सवार भारतीयों की फोटोज ट्वीट कीं। इस दौरान लोगों ने सूडान से निकालने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया और हाथ में तिरंगा थामे दिखाई दिए। ऑपरेशन कावेरी के तहत लाए जा रहे पहले जत्थे की तस्वीरों को शेयर करते हुए अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, “सूडान में फंसे हुए भारतीयों का पहला जत्था ऑपरेशन कावेरी के तहत रवाना किया गया। आईएनएस सुमेधा 278 लोगों के साथ पोर्ट सूडान से जेद्दा लाया जा रहा है।” गौर करने वाली बात ये है कि इस जत्थे में बूढ़े जवान बच्चे सभी शामिल हैं।

इसपर अब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी ट्वीट करते हुए केंद्र सरकार के काम की तारीफ की उन्होंने ट्वीट में लिखा,- ”ऑपरेशन कावेरी पर पीएम कड़ी नजर रख रहे हैं। सूडान से भारतीयों को छुड़ाने के लिए पूरे जोर शोर से ऑपरेशन चल रहा है। आज 278 भारतीयों का पहला जत्था लेकर आईएनएस सुमेधा रवाना हो गया है। बचाव अभियान में शामिल होने के लिए वायुसेना के विमानों को तैयार रखा गया है। हम पूरे सूडान में स्थित सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

Exit mobile version