News Room Post

UFO Downed: अमेरिका ने मार गिराया कनाडा सीमा पर एक और यूएफओ, ताइवान का आरोप- चीन भेज रहा जासूसी गुब्बारे

ufo shot down by f-22 over canada

वॉशिंगटन/ताइपे। चीन पूरी दुनिया के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है। एक तरफ अमेरिका और कनाडा में चीन के जासूसी गुब्बारे देखे गए। वहीं, अब एक और अज्ञात उड़ने वाली चीज (यूएफओ) को कनाडा की सीमा में मार गिराया गया है। दूसरी तरफ ताइवान ने आरोप लगाया है कि उसकी हवाई सीमा में भी चीन के गुब्बारे घुसपैठ कर रहे हैं। कनाडा के आसमान पर मंडरा रहे यूएफओ को अमेरिकी वायुसेना ने शुक्रवार को मार गिराया था। अब ताजा जानकारी है कि ऐसे ही एक और यूएफओ को अमेरिका और कनाडा की सीमा पर मंडराते देखा गया। जिसे अमेरिकी वायुसेना ने मार गिराया है। यूएफओ कहां से आ रहा है, ये तो अभी पता नहीं चला है, लेकिन आशंका यही है कि ये भी चीन की तरफ से भेजे जा रहे हैं।

बता दें कि इससे पहले चीन के दो बड़े गुब्बारे अमेरिका और कनाडा के आसमान पर मंडराए थे। इन गुब्बारों को अमेरिका ने मार गिराया था। चीन का एक और गुब्बारा दक्षिणी अमेरिका पर भी दिखा था। अब ताइवान कह रहा है कि उसकी हवाई सीमा में भी चीन की तरफ से गुब्बारे भेजे जा रहे हैं। ताइवान और चीन के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा है। चीन लगातार ताइवान पर दावा करता है। जबकि, अमेरिका ताइवान को बचाने के लिए उसे सैन्य सहयोग देता रहता है। इसी मुद्दे पर चीन और अमेरिका के बीच भी तनाव है।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग।

बीते दिनों जब अमेरिकी वायुसेना ने चीन के गुब्बारे को मार गिराया था, तो चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उसका गुब्बारा जासूसी नहीं कर रहा था। उसने गुब्बारे को मार गिराए जाने को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन भी बताया था। चीन ने धमकीभरे लहजे में कहा था कि वो भी ऐसे मामलों में समुचित प्रतिक्रिया दे सकता है। जिसके बाद ही कनाडा और अमेरिकी सीमा पर यूएफओ दिखाई देने लगे हैं।

Exit mobile version