News Room Post

Modi In USA: पीएम मोदी की अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकेन ने की जमकर तारीफ, देखिए Video

modi and kamala harris 1

वॉशिंगटन। पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरे में उनको राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने राजकीय भोज दिया था। उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने शुक्रवार को विदेश विभाग की तरफ से दिए गए भोज में मोदी की अगवानी की। इस मौके पर कमला हैरिस के अलावा अमेरिकी विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकेन ने भारत की तारीफ के पुल बांधे और उसे ऊंचाई पर ले जाने के साथ ही अमेरिका से ऐतिहासिक रिश्ते बनाने के लिए पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने अपने बचपन को इस मौके पर याद किया। उन्होंने कहा कि उनके दादा रिटायर्ड सिविल सर्वेंट थे। रोज सुबह साथ घुमाने ले जाते। उस वक्त उनके दादा अपने दोस्तों से बात करते। इसमें भारत की आजादी, उसके नायकों के अलावा देश को भ्रष्टाचार मुक्त करने पर भी चर्चा होती थी।

उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि उनकी मां श्यामला गोपालन हर दूसरे साल उन्हें और बहन को भारत ले जातीं। इस वजह से भारत से हमेशा रिश्ते रहे। कमला हैरिस ने पीएम मोदी की खूब तारीफ की और उम्मीद जताई कि भारत और अमेरिका के रिश्ते दिन पर दिन नई ऊंचाई छुएंगे। कमला हैरिस ने कहा कि उन्होंने पिछली बार दौरे के वक्त मोदी से अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग के लिए शुरू हुए ‘आर्टेमिस’ कार्यक्रम से जुड़ने के लिए आग्रह किया था। इस बार मोदी ने आर्टेमिस कार्यक्रम से जुड़ने का अमेरिका के साथ समझौता किया है। कमला हैरिस ने भारतीयों का अमेरिका में योगदान बताया और कहा कि सिलिकॉन वैली से लेकर हॉलीवुड और अमेरिकी संसद में भारतीयों की काफी तादाद है। उन्होंने कहा कि आज भारत चिकित्सा, शिक्षा और तकनीकी के क्षेत्र में जिस तरह आगे बढ़ रहा है, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है।

कमला हैरिस से पहले पीएम मोदी का स्वागत करते हुए विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकेन ने भी भारत-अमेरिका संबंधों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि उप विदेश मंत्री रिचर्ड वर्मा के पिता महज 14 डॉलर लेकर अमेरिका आए थे और यहां उन्होंने ऊंचाई छुई। ब्लिंकेन ने मोदी के लिए कहा कि जिस तरह आपने चाय बेची और पीएम बने, उसी तरह अमेरिका में भी तमाम लोग हैं, जिन्होंने मेहनत के दम पर झंडे फहराए हैं। ब्लिंकेन ने मोदी को अमेरिका आने और सहयोग को नए स्तर तक ले जाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं करीब 20 साल से जो बाइडेन के साथ हूं। ब्लिंकेन ने भरोसा दिलाया कि जो बाइडेन अपनी हर बात को पूरा जरूर करते हैं। यानी साफ संकेत हैं कि जो बाइडेन के दौर में भारत को अमेरिका की तरफ से किसी तरह सशंकित रहने की जरूरत नहीं है।

Exit mobile version