News Room Post

Who Is Sunita Williams In Hindi: भारतीय मूल की ये महिला अब अंतरिक्ष में ले जा रही हैं भगवान गणेश की मूर्ति, पहले बना चुकी हैं स्पेस में कई रिकॉर्ड

Who Is Sunita Williams In Hindi: सुनीता विलियम्स साल 2006 और 2012 में अंतरिक्ष की यात्रा कर चुकी हैं। दोनों बार मिलाकर वो 322 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रही थीं। ये एक रिकॉर्ड है। सबसे लंबे वक्त तक स्पेसवॉक करने का रिकॉर्ड भी भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स के नाम रह चुका है।

वॉशिंगटन। सुनीता विलियम्स का नाम तो आपने सुना ही होगा। वो अमेरिका में रहती हैं और अंतरिक्ष यात्री हैं। एक बार फिर सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में जा रही हैं। मंगलवार को उनको लेकर यान अंतरिक्ष की ओर उड़ने जा रहा है। उनके साथ दूसरे अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर भी होंगे। सुनीता विलियम्स ने फिर से अंतरिक्ष जाने के प्रति उत्साह दिखाया और ये भी कहा कि वो थोड़ा घबराई हुई हैं। सुनीता विलियम्स साल 2006 और 2012 में अंतरिक्ष की यात्रा कर चुकी हैं। दोनों बार मिलाकर वो 322 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रही थीं। ये एक रिकॉर्ड है।

सुनीता विलियम्स महिला अंतरिक्ष यात्री के तौर पर सबसे लंबा स्पेसवॉक करने का रिकॉर्ड भी बनाया था। उन्होंने 2012 में 50 घंटे और 40 मिनट का स्पेसवॉक किया था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में मैराथन दौड़ भी ट्रेडमिल पर लगाई थी। सुनीता विलियम्स ने बताया कि वो अंतरिक्ष स्टेशन पर भगवान गणेश की प्रतिमा ले जा रही हैं। वो भगवान गणेश को भाग्यशाली मानती हैं। इससे पहले वो अंतरिक्ष स्टेशन में श्रीमद्भगवतगीता लेकर गई थीं। सुनीता विलियम्स के पिता का नाम डॉ. दीपक पांड्या और मां का नाम बोनी पांड्या है। उनके पिता गुजरात के मेहसाणा जिले में जन्मे थे।

सुनीता के पिता न्यूरोएनाटोमिस्ट थे। वो गुजरात से अमेरिका जाकर बसे और वहीं बोनी पांड्या से उनकी शादी हुई। सुनीता की बात करें, तो उनका जन्म 19 सितंबर 1965 को अमेरिका के ओहायो राज्य स्थित यूक्लिड में हुआ था। सुनीता ने 1987 में अमेरिका की नौसेना अकादमी से फिजिकल साइंस में बैचलर की डिग्री हासिल की थी। फिर उन्होंने इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री ली। नासा से पहले वो नौसेना में थीं और 3000 घंटे की उड़ानें भी भरीं। 1998 में नासा में उनका चयन हुआ था। जिसके बाद कड़ी ट्रेनिंग कर उन्होंने अंतरिक्ष यात्री होने का गौरव हासिल किया। भारत समेत कई देशों की सरकारों ने सुनीता विलियम्स को सम्मानित किया है।

Exit mobile version