News Room Post

Donald Trump On Crimea: क्रीमिया पर रूस के कब्जे को मंजूरी देंगे ट्रंप?, यूक्रेन इस इलाके पर दावा छोड़ने को नहीं राजी

Donald Trump On Crimea: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लगातार ये कहते रहे हैं कि वो अपने देश के किसी भी हिस्सा पर रूस का अवैध कब्जा नहीं मानेंगे। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता में तेजी न आने से नाराज बताए जा रहे हैं। अगर ट्रंप क्रीमिया पर रूस के कब्जे को मान्यता देते हैं, तो इससे यूक्रेन से जंग नया मोड़ ले सकता है और अमेरिका से उसकी तनातनी बढ़ सकती है।

वॉशिंगटन। क्या अमेरिका के राष्ट्रपति यूक्रेन के इलाके क्रीमिया पर रूस के कब्जे को मंजूरी दे देंगे? ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में ऐसा ही दावा किया गया है। साल 2014 में रूस ने क्रीमिया पर कब्जा कर वहां जनमत संग्रह कराया था। इस जनमत संग्रह को तब अमेरिका और यूरोप के देशों ने खारिज कर दिया था। बावजूद इसके रूस ने क्रीमिया पर कब्जा बनाए रखा। यूक्रेन लगातार ये कहता है कि क्रीमिया पर रूस का कब्जा नियमों के खिलाफ है और वो इसे कतई मंजूर नहीं करता। अगर क्रीमिया पर रूस के कब्जे को डोनाल्ड ट्रंप मान लेते हैं, तो इससे यूक्रेन के साथ अमेरिका की तनातनी हो सकती है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लगातार ये कहते रहे हैं कि वो अपने देश के किसी भी हिस्सा पर रूस का अवैध कब्जा नहीं मानेंगे। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता में तेजी न आने से नाराज बताए जा रहे हैं। ट्रंप ने तो ये तक कहा है कि ये मामला जितना लंबा खिंचेगा, उतना हमारे इसमें शामिल रहने का औचित्य कमजोर होगा। ट्रंप ने ताजा बयान में ये भी कहा है कि अगर यूक्रेन और रूस समाधान की दिशा में नहीं बढ़ते दिखे, तो अमेरिका इस मामले से दूरी बना लेगा। ट्रंप ने पहले दावा किया था कि अमेरिका का राष्ट्रपति पद संभालते ही वो यूक्रेन और रूस की जंग खत्म करा देंगे। इसके लिए ट्रंप ने कोशिश भी की, लेकिन अब तक असफल रहे हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बीते गुरुवार को बयान में कहा कि व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात करने वाले ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ रूस के समर्थक हैं। जेलेंस्की ने कहा कि हम कभी भी यूक्रेन की जमीन को रूस का नहीं मान सकते। बता दें कि जब बीते दिनों विटकॉफ ने पुतिन से मुलाकात की थी, उसके बाद ये खबर आई थी कि अमेरिका क्रीमिया और डोनबास समेत कब्जे में गई यूक्रेन की जमीन को रूस का मान सकता है। रूस से जंग के मुद्दे पर डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की के बीच आमने-सामने की तकरार भी हो चुकी है। ट्रंप ने तब जेलेंस्की से कहा था कि वो तीसरे विश्व युद्ध का दांव खेल रहे हैं। तकरार ने इतना गंभीर रूप लिया था कि ट्रंप ने अमेरिका आए जेलेंस्की को बगैर लंच कराए लौटा तक दिया था।

Exit mobile version