News Room Post

Pakistan: सपने में देखा महिला कर रही ईशनिंदा, पाकिस्तान में 3 टीचरों ने ले ली जान

pak murder

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के डेरा इस्माइल खान में एक पूर्व महिला टीचर की उसी की सहयोगी रह चुकी तीन महिलाओं ने गला रेतकर हत्या कर दी। तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि उनकी पूर्व सहयोगी ने ईशनिंदा की थी। जिसकी वजह से उसकी हत्या की गई। तीनों ने ईशनिंदा का आरोप अपनी एक नाबालिग रिश्तेदार के सपने के आधार पर लगाया। पुलिस ने इस मामले में रिश्तेदार समेत सभी को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन’ में छपी खबर के मुताबिक घटना की जानकारी जब पुलिस को मिली, तो वो मौके पर पहुंची। वहां महिला का गला कटा हुआ था और वो खून में लथपथ पड़ी थी।

पुलिस ने एफआईआर में कहा है कि पीड़ित महिला का गला धारदार हथियार से काट दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 13 से 24 साल है। जबकि, पीड़ित महिला की उम्र 21 साल थी। पुलिस के मुताबिक मरने वाली महिला मशहूर धार्मिक विद्वान मौलाना तारिक जमील की अनुयायी थी। इस वजह से उसकी हत्या की आरोपी महिलाएं उसे पसंद नहीं करती थीं। घटना के बारे में पुलिस का कहना है कि 13 साल की लड़की ने सपना देखा। उसने सपने में देखा कि पीड़िता ने ईशनिंदा की है। इसकी जानकारी उसने आरोपियों को दी। जिसके बाद हत्या की गई।

आरोपियों ने लड़की के सपने के बारे में एक रजिस्टर में दर्ज भी किया था। पुलिस ने रजिस्टर भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपी महसूद कबीले की हैं और दक्षिणी वजीरिस्तान की रहने वाली हैं। घटना को मदरसा चलाने वाले बोर्ड वकाफुल मदारिस अल अरब पाकिस्तान ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की है। बोर्ड ने कहा है कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों को सख्त सजा देने की जरूरत है। पाकिस्तान में ईशनिंदा के नाम पर तमाम लोगों की जान पहले भी कट्टरपंथी ले चुके हैं।

Exit mobile version