News Room Post

Adani Shares: आज शेयर बाजार में अच्छा प्रदर्शन करेंगे अदानी के शेयर्स!, इन कंपनियों के नतीजे लौटा सकते हैं ग्रुप में निवेशकों का उत्साह

Gautam Adani

मुंबई। आज सबकी नजरें एक बार फिर अदानी ग्रुप पर टिक गई हैं। 2 दिन की बंदी के बाद शेयर बाजार आज फिर खुलने जा रहे हैं। निवेशक इस पर नजर रखे हुए हैं कि गौतम अदानी की कंपनियों के शेयर्स का क्या हाल होता है। हिंडेनबर्ग रिसर्च नाम की शॉर्ट सेलिंग कंपनी की रिपोर्ट के बाद से अदानी ग्रुप के शेयर्स ने गोता लगाया था। इससे शुक्रवार तक अदानी ग्रुप का मार्केट कैपिटल 10 अरब डॉलर तक गिर गया था। शेयर्स की कीमत घटने के बाद गौतम अदानी दुनिया के तीसरे नंबर के सबसे रईस के स्थान से गिरकर 20 नंबर से नीचे चले गए। हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि आज अदानी के शेयर्स अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।

अदानी के शेयर्स की चाल ऊंचाई की ओर एक बार फिर जा सकती है। इसका अंदाजा इस वजह से लगाया जा रहा है कि अदानी पोर्ट्स और अंबुजा सीमेंट के तिमाही नतीजे आएंगे। ये दोनों ही अदानी ग्रुप की कंपनियां हैं। इसके अलावा शुक्रवार को क्रेडिट रेटिंग एजेंसी फिच की रिपोर्ट से अदानी ग्रुप के शेयर कुछ हद तक उठे थे। फिच ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि फिलहाल अदानी ग्रुप पर संकट नहीं है। फिच ने ये भी कहा था कि अदानी की कंपनियों में कैश फ्लो भी ठीक है। इसकी वजह पोर्ट्स और एयरपोर्ट के ऑपरेशन हैं। जहां पूरा काम कैश से ही होता है।

इससे पहले गौतम अदानी ने अपने ग्रुप का एफपीओ रद्द करने का एलान किया था। शनिवार को अदानी ग्रुप ने अपने बॉन्ड लाने की योजना भी रद्द कर दी। गौतम अदानी ने बाकायदा वीडियो जारी कर कहा था कि निवेशकों का हित उनके लिए सबसे ऊपर है और बाकी सबकुछ गौण है। अदानी ने साफ कहा था कि आज वो जो भी हैं, वो निवेशकों की वजह से बने हैं और उनका नुकसान होते कतई नहीं देख सकते। उधर, स्टेट बैंक (एसबीआई), पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने भी अदानी ग्रुप को दिए कर्ज की रकम की जानकारी दी है। एसबीआई ने 27000 करोड़ और पीएनबी ने 7000 करोड़ रुपए अदानी ग्रुप को बतौर कर्ज दिए हैं। जो इनके कुल कर्ज का 1 फीसदी भी नहीं है। ऐसे में आज इन दोनों बैंकों के शेयर्स भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।

Exit mobile version