News Room Post

विदेश यात्रा से लौटे पद्मश्री निर्मल सिंह की कोरोना से हुई मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना मरीजों की संख्या अब 2000 से अधिक हो गई है। वहीं इससे मरने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। गुरुवार को पद्मश्री निर्मल सिंह की कोरोना से संक्रमित होने की वजह से मौत हो गई। देश में इस वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 52 हो गई है। निर्मल सिंह को 2009 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। बता दें कि निर्मल सिंह को गुरु ग्रंथ साहिब के गुरबानी में सभी 31 रागों का ज्ञान था।

निर्मल सिंह को लेकर सिविल सर्जन ने बताया कि निर्मल सिंह हाल ही में विदेश से लौटे थे। 30 मार्च को उनको सांस फूलने और चक्कर आने की शिकायत हुई। जिसके बाद उन्हें गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी जांच की गई तो रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी।

पद्मश्री और स्वर्ण मंदिर के पूर्व ‘हजूरी रागी’ निर्मल सिंह 62 साल के थे। सिविल सर्जन ने कहा कि उनकी दो बेटियां, बेटा, पत्नी, एक ड्राइवर और उनके साथ छह अन्य लोग को अस्पताल में आइसोलेट कर लिया गया है। साथ ही उनका भी सैंपल का टेस्ट किया जाएगा। हालांकि ये मामला सामने आते ही निर्मल सिंह के घर के आसपास का क्षेत्र पुलिस ने सील कर दिया है।

 

अधिकारियों का कहना है कि विदेश से आने के बाद निर्मल सिंह ने दिल्ली समेत दूसरी जगहों पर कई धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। इसके साथ ही निर्मल सिंह ने अपने परिवार के सदस्यों और अन्य रिश्तेदारों के साथ 19 मार्च को चंडीगढ़ में घर में कीर्तन का आयोजन किया था।

Exit mobile version