News Room Post

Priyanka Gandhi Vadra On Kangana Ranaut: प्रियंका गांधी वाड्रा का निर्देश- हर हाल में कंगना रानौत को हराओ, एक्ट्रेस ने बीते दिनों कसा था उनपर तंज

Priyanka Gandhi Vadra On Kangana Ranaut: मंडी सीट को हिमाचल के सीएम रहे और अब दिवंगत वीरभद्र सिंह के परिवार का गढ़ माना जाता है। वीरभद्र सिंह मंडी सीट से लगातार चुनाव जीतते रहे। इस बार उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ने कहा था कि वो चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं। इस वजह से अब विक्रमादित्य सिंह की चर्चा हो रही है।

शिमला। लोकसभा चुनाव के पहले दौर की वोटिंग 19 अप्रैल को है। इस बार लोकसभा चुनाव 7 चरणों में कराया जा रहा है। आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होगा। 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने हैं। इस बार भी लोकसभा चुनाव में तमाम बड़े चेहरे किस्मत आजमा रहे हैं। देश की कई सीटों पर ये चर्चित चेहरे चुनाव लड़ रहे हैं। इन्हीं में से एक हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट है। मंडी सीट से बीजेपी ने एक्ट्रेस कंगना रानौत को लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारा है। कंगना के खिलाफ अभी कांग्रेस ने प्रत्याशी का एलान नहीं किया है, लेकिन ट्रिब्यून अखबार के मुताबिक मंडी सीट को जीतने और कंगना रानौत को हराने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जुट गई हैं।

ट्रिब्यून अखबार के मुताबिक शनिवार को हिमाचल कांग्रेस के नेताओं के साथ प्रियंका गांधी ने अहम बैठक की। अखबार ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस बैठक में प्रियंका गांधी ने कहा कि हर हाल में मंडी सीट पर कंगना रानौत को हराना है। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के नेताओं से ये भी कहा कि वे जमकर प्रचार करें। प्रियंका गांधी वाड्रा ने बैठक में ये भी बताया कि वो चुनाव के दौरान हिमाचल प्रदेश में ही कैंप करेंगी। हिमाचल प्रदेश में प्रियंका गांधी का घर भी है। बता दें कि बीते दिनों कंगना रानौत ने कहा था कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा वक्त के मारे हैं। मंडी सीट के लिए पिछले दिनों चर्चा थी कि यहां से कांग्रेस अपने मंत्री विक्रमादित्य सिंह को लोकसभा चुनाव लड़ा सकती है। विक्रमादित्य सिंह की मां और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंडी से पिछली बार लोकसभा उप चुनाव जीती थीं।

कांग्रेस के नेता विक्रमादित्य सिंह।

मंडी सीट को हिमाचल के सीएम रहे और अब दिवंगत वीरभद्र सिंह के परिवार का गढ़ माना जाता है। वीरभद्र सिंह मंडी सीट से लगातार चुनाव जीतते रहे। इस बार उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ने कहा था कि वो चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं। इस वजह से अब विक्रमादित्य सिंह की चर्चा हो रही है। अब सबकी नजर इस पर है कि मंडी में जमकर प्रचार कर रहीं कंगना रानौत को कांग्रेस लोकसभा चुनाव में शिकस्त दे पाती है या नहीं।

Exit mobile version