News Room Post

Yogi Adityanath in Hathras : देश को बांटने वाले अब कर रहे आपकी संपत्ति बांटने की साजिश, सीएम योगी ने इंडी गठबंधन पर साधा निशाना

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, एक तरफ ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे के साथ भाजपा और एनडीए है तो दूसरी तरफ कांग्रेस-सपा का इंडी गठबंधन है। कांग्रेस ने 1947 में देश का विभाजन कराया। पहले देश को बांटा और अब कांग्रेस अपने घोषणापत्र में कह रही है कि हम लोगों की संपत्ति का सर्वे कराएंगे। हाथरस की चुनावी रेली में योगी ने लोगों को उदाहरण देते हुए समझाया कि अगर आपके बाप-दादा ने 4 कमरों का घर बनाया है तो आप 2 कमरों में रहो, 2 कमरे कांग्रेस और सपा के अधिकार में चला जाएंगे। इन लोगों पहले देश को बांटा, आज आपकी संपत्ति को बांटने की साजिश ये लोग कर रहे हैं।

योगी बोले लोकसभा चुनाव के दो चरणों में 191सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुके हैं। मोदी जी ने देश में 10 वर्षों में जो कार्य किए हैं, उसे देखकर जनता उन्हें तीसरा कार्यकाल देने जा रही है। आज दुनिया इस बात से आश्चर्यचकित है कि मोदी जी ने इतनी जल्दी कैसे भारत को विश्वपटल पर इतना ऊपर ला दिया। इस दौरान सीएम योगी ने हाथरस के दिवंगत सांसद राजवीर सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि आज दुर्भाग्यवश वो हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वो हमेशा ही हाथरस और यहां की जनता के विकास के लिए तत्पर रहे हैं।

कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर इससे पहले योगी बोले, ये उनके लिए न्याय पत्र हो सकता है, मगर भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए ये अन्याय पत्र है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि अल्पसंख्यकों को उनकी खाने की पसंद की स्वतंत्रता देंगे। इसका मतलब है कि वे गोकशी को खुली छूट देंगे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के लोग देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर डालना चाहते हैं। जो लोग ईवीएम को आज नकार रहे हैं, ये वही लोग हैं, जो ‘बैलेट’ लूटने का काम करते थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने बैलेट लूटने का इरादा रखने वालों की मंशा पर पानी फेर दिया।

Exit mobile version