News Room Post

Air India: दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही रही एयर इंडिया की फ्लाइट के इंजन में आई खराबी, रूस के मगदान में हुई आपात लैंडिंग

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से अमेरिकी स्टेट सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में इंजन में आई खराबी के कारण आज (6 जून) को रूस के मगदान शहर को ओर मोड़कर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस दौरान फ्लाइट में करीब 216 यात्री सवार थे जबकि फ्लाइट क्रू में 16 लोग थे। वक्त रहते फ्लाइट के इंजन में खराबी का पता चलने के कारण सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सकी। इस बारे में अधिक जानकारी मुहैया कराते हुए एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI173 के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। 216 यात्रियों और 16 चालक दल के साथ उड़ान को डायवर्ट किया गया और रूस के मगदान हवाई अड्डे पर सुरक्षित तरीके से लैंड कराया गया।

इसके साथ ही एयर इंडिया के अधिकारियों ने ये भी बताया कि यात्रियों को सभी सहायता प्रदान की जा रही है और जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक विकल्प दिए जाएंगे। विमान की ग्राउंड पर अनिवार्य जांच चल रही है। हाल ही में फ्लाइट्स में खराबी के मामलों में काफी वृद्धि देखने को मिली है। जिससे एयर इंडिया सहित अन्य एविएशन कंपनियों पर प्रभाव भी पड़ा है। इससे पहले एयर इंडिगो की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी की खबर आई थी।

बता दें कि 4 जून को डिब्रूगढ़ जाने वाली एयर इंडिगो की फ्लाइट की तकनीकी समस्या के कारण गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। लेकिन इस फ्लाइट में एक केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली और तमाम विधायक भी सवार थे जिसकी वजह से इसको लेकर खबरें भी खूब चली थीं। इसके बाद एयर इंडिगो ने एक रिपोर्ट जारी कर बताया था कि पायलट ने जैसे ही इंजन में खराबी की जानकारी दी हमने फ़ौरन ही फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन दे दी थी।

 

Exit mobile version