News Room Post

लॉकडाउनः मजदूरों को उकसाने और बॉर्डर तक पहुंचाने के कारण दिल्ली कांग्रेस के खिलाफ दर्ज हुआ एफआईआर

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के संकट के कारण लॉकडाउन लागू है। इस बीच रविवार को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी को दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में उन्हें थाने से जमानत दे दी गई। हालांकि उन पर केस भी दर्ज किया गया है।

दिल्ली पुलिस की मानें तो दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी और कई पार्टी कार्यकर्ताओं पर आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की मानें तो कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता गाजीपुर बॉर्डर पर मजदूरों को भड़का रहे थे और लॉकडाउन तोड़ने के लिए उकसा रहे थे। इस बात का दिल्ली पुलिस के पास पुख्ता सबूत है। इसलिए दिल्ली पुलिस उन पर कार्रवाई करेगी।

इससे पहले रविवार सुबह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी को दिल्ली में उनके घर में ही हिरासत में रखा गया था। पुलिस का कहना है कि वह आज और शनिवार को दिल्ली-यूपी सीमा पर कई प्रवासी मजदूरों को लेकर आए थे। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का भी पालन नहीं किया गया था। ऐसे में आगे भी कई तरह की समस्या सामने आ सकती है।  पुलिस ने सभी मजदूरों को बैंक्वेट हॉल और मॉल खुलवाकर वहां पर रुकवाया है।


इससे पहले रविवार सुबह दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें घर में हिरासत में ले लिया है। उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया है। घर के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है।

हालांकि अनिल चौधरी का आरोप है कि उन पर राजनीतिक कारणों से एफआईआर दर्ज हुई है और उन पर कार्रवाई की गई है। अनिल का कहना है कि अगर मजदूरों की मदद करना और उन्हें घर तक सुरक्षित पहुंचाना गलत है तो मैं सजा भुगतने के लिए तैयार हूं।

Exit mobile version