नई दिल्ली। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को वोटिंग होनी है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 70 विधानसभा सीटों के लिए भी कल मतदान होगा। दोनों ही राज्यों में आज चुनाव प्रचार थम जाएगा। दोनों ही जगहों में चुनाव जीतने के लिए सभी दलों ने पूरी ताकत लगा दी है। हालांकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच में है। बता दें कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 5 राज्यों के चुनाव के परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे। इसी बीच वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एमपी और छत्तीसगढ़ की जनता के नाम संदेश लिखा है। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा है। इसमें उन्होंने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की जनता से भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की अपील की है। इस संदेश में PM मोदी ने भाजपा के प्रति जनता के प्रेम का हवाला दिया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने दोनों ही जगह में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि दोनों ही राज्यों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा।
पीएम मोदी ने बुधवार को एक्स पर लिखा,” मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए इस बार का प्रचार अभियान बल्कि जनता-जनार्दन से आशीर्वाद लेने का अभियान बहुत ही खास रहा। मैं राज्य के कोने-कोने में गया, अनेकों लोगों से मिला, संवाद किया। लोगों में भाजपा के प्रति जो स्नेह है, भाजपा पर जो आस्था है, वो हमारी बहुत बड़ी पूंजी है।”
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए इस बार का प्रचार अभियान बल्कि जनता-जनार्दन से आशीर्वाद लेने का अभियान बहुत ही खास रहा। मैं राज्य के कोने-कोने में गया, अनेकों लोगों से मिला, संवाद किया। लोगों में भाजपा के प्रति जो स्नेह है, भाजपा पर जो आस्था है, वो हमारी बहुत बड़ी पूंजी है।…
— Narendra Modi (@narendramodi) November 15, 2023
पीएम मोदी ने अपने इस खास संदेश में नारी शक्ति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”मध्य प्रदेश की नारी शक्ति, इस चुनाव में आगे बढ़कर भाजपा का झंडा बुलंद कर रही है। जिस तरह महिला सशक्तिकरण भाजपा की प्राथमिकता है, उसी तरह महिलाओं ने भाजपा सरकार की वापसी को अपनी प्राथमिकता बना लिया है।”
पीएम मोदी ने लिखा, ”आज की नई पीढ़ी, भारत के अगले 25 वर्षों और अपने 25 वर्षों को एक साथ जोड़कर देख रही है। और इसलिए विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के दायित्व को निभाने के लिए हमारे नौजवान भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे आ रहे हैं। लोग का ये अटूट विश्वास है कि 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा ही बना सकती है। एमपी के लोग डबल इंजन की सरकार के लाभ को देख भी रहे हैं और इसकी जरूरत को समझते भी हैं।”
पीएम मोदी ने परिवारवाद को लेकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, ”रैलियों में मैंने ये भी देखा कि मध्य प्रदेश के लोग कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति और नकारात्मकता से कितने ज्यादा नाराज हैं। कांग्रेस के पास एमपी के विकास के लिए कोई विजन नहीं है, कोई रोडमैप नहीं है।” उन्होंने आखिर में मध्य प्रदेश के मतदाताओं से आग्रह किया कि वो भाजपा को वोट दें।
छत्तीसगढ़ के मतदाताओं को पीएम मोदी का स्पेशल मैसेज –
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के मतदाताओं के नाम स्पेशल मैसेज लिखा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा,”अगले कुछ साल में छत्तीसगढ़ अपने 25 साल पूरे कर रहा है। आज राज्य में जो नौजवान हैं, जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं, वो एक समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपनों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अगले 25 वर्षों में विकसित भारत के संकल्प के साथ ही उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ का भी संकल्प लिया है। वो अपने जीवन के अगले 25 वर्ष, विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत के संकल्प को समर्पित करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।”
छत्तीसगढ़ में इस बार चुनाव अभियान के दौरान मेरे अनुभव बहुत ही अद्भुत रहे, अभूतपूर्व रहे। कहा जाता है- छत्तीसगढ़िया…सबसे बढ़िया। मैंने इसकी प्रतिध्वनि चारों तरफ महसूस की। छत्तीसगढ़ के परिश्रमी लोग अपने राज्य को और बेहतर बनाने के लिए, सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए नई उम्मीदों और नई…
— Narendra Modi (@narendramodi) November 15, 2023
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार तय बताई है। उन्होंने कहा, ”जनता, भाजपा के सुशासन पर विश्वास कर रही है, कांग्रेस के खोखले वादों पर नहीं। भाजपा अपने हर संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, वचनबद्ध है। मैं छत्तीसगढ़ के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि राज्य में आने वाली बीजेपी सरकार आपकी आकांक्षाओं और प्रदेश की समृद्धि की सरकार होगी।”