News Room Post

Delhi की तस्वीर बदलने का दावा करने वाली केजरीवाल सरकार ने राजधानी को बना दिया नर्क : आदेश गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा है कि, आम आदमी पार्टी दिल्ली की तस्वीर बदलने का दावा कर रही थी लेकिन केजरीवाल सरकार ने देश की राजधानी को नर्क बना दिया है। उन्होंने कहा कि, बिजली, सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह से चरमरा चुकी हैं और लोग बेबसी में जीने पर मजबूर हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, कोरोना काल की मुश्किल घड़ी में जब जनता को सरकार की सबसे ज्यादा जरूरत थी, उस वक्त केजरीवाल और उनके विधायक घर से बाहर निकले तक नहीं। निशुल्क वाईफाई और साफ पानी का वादा जुमले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि शाहबाद में मुफ्त बिजली तो दूर यहां की झुग्गियों में बिजली तक नहीं है। आदेश गुप्ता ने दिल्ली में फैली गंदगी के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

इसके अलावा आदेश गुप्ता ने केजरीवाल सरकार पर दिल्ली को कूड़ेदान बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, इस सरकार ने लोगों से मुफ्त बिजली, पानी देने का वादा किया था, लेकिन आज की हालत ये है कि, लोगों के घरों में हजारों रुपये के बिल आ रहे हैं। सवाल करते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि, क्या लोगों ने आम आदमी पार्टी को इसलिए वोट दे कि, वो गंदे और बदबूदार पानी पिए?

बता दें कि इसके अलावा आदेश गुप्ता ने केजरीवाल सरकार से 6 ऐसे सवाल पूछे हैं, जो दिल्ली की जनता से जुड़े हुए हैं।

भाजपा ने मांगा शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का इस्तीफा

25 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था बद से बदतर होने का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का इस्तीफा मांगा है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को प्रदेश महिला मोर्चा ने केजरीवाल सरकार के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। आदेश गुप्ता ने बच्चों को नकल की प्रेरणा देने का आरोप लगाते हुए शिक्षा निदेशक को बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के बहुप्रचारित शिक्षा मॉडल की पोल खुल चुकी है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह खोखली हो चुकी है। यहां के बच्चे नकल के दम पर कैसे किसी प्रतियोगी परीक्षा में सफल हो पाएंगे? आदेश गुप्ता ने कहा कि नकल के दम पर टिकी मॉडल शिक्षा नीति पूरी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया जिस शिक्षा प्रणाली को विश्वस्तरीय बताते हुए बड़ा सुधार बताते हैं, वह पूरी तरह ढकोसला है। शिक्षा नीति के प्रचार पर करोड़ों रुपये का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version