News Room Post

BJP Attack on Mallikarjun Kharge: खड़गे के ‘कुत्ते’ वाले कमेंट पर संसद में घमासान, BJP ने कांग्रेस अध्यक्ष से की माफी की मांग

mallikarjun kharge and piyush goyal

नई दिल्ली। बीते दिन राजस्थान के अलवर में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी पर विवादित टिप्पणी की थी। खड़गे ने कहा था कि देश की एकता के लिए इंदिरा गांधी ने अपनी जान की कुर्बानी दी। राजीव गांधी ने देश की एकता के लिए अपनी जान दी थी। हमारे पार्टी के नेताओं ने देश की एकता के लिए अपनी जान दी, आपने क्या किया? आपके घर में कोई देश के लिए कुत्ता तक मरा है? खड़गे के इसी बयान को लेकर आज संसद के दोनों सदनों में जमकर घमासान देखने को मिल रहा है। भाजपा नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के कुत्ते वाले बयान पर माफी की मांग की है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा, नेता प्रतिपक्ष को शायद इतिहास बहुत ज्यादा याद नहीं है। कांग्रेस को याद नहीं है जम्मू-कश्मीर का क्या हाल हुआ है। कांग्रेस को याद नहीं कि उन्हीं के समय चीन ने 38 हजार किलोमीटर भारत की जमीन हड़प ली थी। पीयूष गोयल ने खड़गे से सदन में माफी की मांग की।

हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने राज्यसभा में अपने बयान को सही बताया है। उन्होंने कहा, ”मैंने जो कहा वह राजनीतिक रूप से सदन के बाहर था भीतर नहीं। उस पर यहां चर्चा करने की जरूरत नहीं है। मैं अभी भी कह सकता हूं कि स्वतंत्रता संग्राम में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।”

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, ”एक राजनीतिक दल के अध्यक्ष इस तरह बोलेंगे जिसको सुनकर हम सबके बहुत खराब लगता है, इसकी निंदा करना भी मुझे उचित नहीं लगता। हम दुश्मन नहीं प्रतिद्वंदी हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने जो गलत शब्दों का इस्तेमाल किया है इसी वजह से राजनीतिक स्तर गिरता है।”

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने खड़गे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, ”ये असली कांग्रेस नहीं है। जो स्वतंत्रता के लिए लड़े थे उनके परिवार के लोग सभी पार्टियों में हैं। ये कांग्रेस बिलकुल नकली कांग्रेस है।”

Exit mobile version