News Room Post

कृषि कानूनों को लेकर BJP ने बोला लेफ्ट पर हमला, कहा- किसानों के कंधे पर कर रहा राजनीति

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसानों के प्रदर्शन के बीच विपक्ष पर जमकर हल्ला बोला। इस दौरान भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के निशाने पर अधिकतर वामपंथी दल ही रहे। उन्होंने कहा कि लेफ्ट दलों का दोहरा रवैया जगजाहिर रहा है। लेफ्ट किसानों के कंधे पर राजनीति कर रहा है। संबित पात्रा ने कहा कि, लेफ्ट की सरकारों ने किसानों पर जमकर अत्याचार किए हैं। कुछ वामपंथी दल किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति साधने की कोशिश कर रहे हैं। इनसे दोगली पाखंडी पार्टी और कोई नहीं। इन्होंने दोगलेपन की सारी सीमाओं को लांघ दिया है।इन्होंने किसानों पर कई अत्याचार किए हैं। ये बात अलग है कि वे आज दिखावा कुछ और कर रहे हैं। केरल के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए पात्रा ने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पीनराई विजयन इस विषय को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने की कोशिश कर रहे थे। मगर उनको बताना चाहिए कि आखिर क्यों केरल में APMC का कानून नहीं है।

वामपंथी विचारधारा की पार्टियों पर आरोप लगाते हुए पात्रा ने कहा कि, आप वामपंथियों का दोगलापन देखिए। ये पूरे हिंदुस्तान में APMC कानून को लेकर भ्रमजाल फैला रहे हैं। 1993 से 2018 तक 25 वर्षों तक त्रिपुरा में वामपंथ की सरकार रही। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि त्रिपुरा में इन 25 वर्षों तक कोई भी MSP नहीं था। 25 वर्षों तक वामपंथ के अंतर्गत त्रिपुरा एकमात्र ऐसा राज्य था जहां पर MSP लागू नहीं होती थी।

संबित पात्रा ने कहा कि, नरेंद्र मोदी जी की सरकार और स्वयं मोदी जी जो हिंदुस्तान के मुख्य सेवक हैं वे किसानों को अन्नदाता और भगवान मानते हैं। हमने देखा कि आज बहुत से किसान संगठन तीन बिलों के समर्थन में उतरे हैं कृषि मंत्री से उन्होंने मुलाकात भी की और मोदी जी को धन्यवाद दिया है।

Exit mobile version