News Room Post

विकास दुबे एनकाउंटर के नाम पर ब्राह्मण कार्ड खेलने वालों को यूं जवाब देगी भाजपा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश भाजपा ने विकास दुबे एनकाउंटर की आड़ में राजनीति कर रहे दलों को सामने से जवाब देने का इरादा किया है। भाजपा इस मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी। जनता को अपराध और जातिवादी राजनीति के बीच का फर्क समझाया जाएगा। यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने दो दर्जन से अधिक विधायकों से फोन पर वार्ता कर उनके क्षेत्रों का हाल जाना और विपक्ष के दुष्प्रचार को लेकर सचेत रहने को कहा।

दरअसल विपक्ष इस एनकाउंटर के बहाने योगी सरकार को ब्राह्मण विरोधी घोषित करने की कवायद में है। ऐसे में भाजपा का नेतृत्व खासी सतर्कता बरत रहा है। एक अभियान चलाकर जनता को पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में हुई बड़ी घटनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।

यूपी भाजपा का प्रदेश नेतृत्व सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है। सोशल मीडिया पर यूपी सरकार को ब्राहम्ण विरोधी साबित करने का खेल खेला जा रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती इस बाबत बयान भी जारी कर चुके हैं। कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद भी इस संदर्भ में बोल रहे हैं।

अपराधी विकास दुबे मुठभेड़ कांड के बाद विपक्ष के हमलों से माहौल खराब होने से बचाने के लिए भाजपा अपने ब्राह्मण चेहरों को भी आगे कर रही है। भारतीय जनता पार्टी ने कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक और सतीश द्विवेदी के जरिए जनता के बीच सरकार का पक्ष रखा है। भाजपा ने अपने ब्राह्मण और दलित विधायकों को विपक्ष के कारनामों को उजागर करने में लगने को कहा है। सपा-बसपा के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों की बड़ी घटनाएं जनता को याद दिलायी जाएंगी।

Exit mobile version