News Room Post

Chhattisgarh CM With His Cabinet Visited Ram Mandir : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव ने अपनी कैबिनेट समेत किए रामलला के दर्शन, भगवान को चढ़ाई बहुत ही खास चीज़

Chhattisgarh CM With His Cabinet Visited Ram Mandir : श्री रामलला के दर्शन करने के बाद सीएम विष्णु देव अपने मंत्रियों के साथ हनुमान गढ़ी भी गए और वहां जाकर राम के परमभक्त बजरंग बली का आशीर्वाद लिया। हनुमान गढ़ी में आरती करने के बाद विष्णु देव सरयू नदी के किनारे पहुंचे और यहां भी उन्होंने पूजा-अर्चना की।

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी कैबिनेट में शामिल मंत्रियों के साथ आज अयोध्या पहुंचे और श्री रामलला के दर्शन किए। मुख्यमंत्री विष्णु देव भगवान श्री राम को चढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ के बेर और सुगन्धित चावल भी लाए। आपको बता दें कि श्रीराम ने अपने वनवास के दौरान काफी समय छत्तीसगढ़ में भी बिताया था। छत्तीसगढ़ में ही माता शबरी ने भगवान राम को जूठे बेर खिलाए थे।

श्री रामलला के दर्शन करने के बाद सीएम विष्णु देव अपने मंत्रियों के साथ हनुमान गढ़ी भी गए और वहां जाकर राम के परमभक्त बजरंग बली का आशीर्वाद लिया। हनुमान गढ़ी में आरती करने के बाद विष्णु देव सरयू नदी के किनारे पहुंचे और यहां भी उन्होंने पूजा-अर्चना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भगवान राम के ननिहाल प्रदेश छत्तीसगढ़ से आए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की नगरी है और हम बहुत ही सौभाग्यशाली हैं जो हम भगवान श्रीराम के ननिहाल में रहते हैं। हमने भगवान से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और सुख तथा शांति की कामना की है। आपको बता दें अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही हजारों की संख्या में लोग वहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आए दिन वहां वीवीआईपी और गणमान्य नागरिक भी श्रीराम लला का आशीर्वाद लेने जाते हैं।

अभी हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी अयोध्या गई थीं और उन्होंने वहां भगवान के दर्शन कर पूजा अर्चना की थी। इसके अतिरिक्त राष्ट्रपति ने अयोध्या के अन्य दर्शनीय स्थलों का भी दौरा किया था। लोकसभा चुनाव में भी राम मंदिर मुद्दा बहुत ही जोर-शोर के साथ छाया रहा था। दरअसल बीजेपी ने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का विपक्ष को निमंत्रण दिया था लेकिन विपक्ष ने इसे बीजेपी का कार्यक्रम बताते हुए इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया था।

Exit mobile version