News Room Post

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक पर फहराया तिरंगा, कल खत्म होगी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’

Rahul Gandhi

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। 07 सितंबर को कन्याकुमारी से अगाज हुई उनकी ये यात्रा अब कश्मीर पहुंच चुकी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार 30 जनवरी को समाप्त होने जा रही है। इसी बीच आज श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तिरंगा फहराया है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाल चौक वंदेमातरम गीत भी गाया गया। हालांकि झंडा फहराने के बाद राहुल गांधी वहां से आगे चले गए। इससे पहले रविवार को राहुल गांधी ने अपनी पदयात्रा की शुरुआत पंथा चौक से की। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। आपको बता दें कि उनकी इस पदयात्रा का औपचारिक संपन्न विपक्षी एकता के संदेश के साथ कल होगा। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने 23 दलों को आमंत्रित किया है।

वहीं कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’, राहुल गांधी जी ने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया।” हालांकि आज एक बार फिर राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा की वजह से भाजपा और लोगों के निशाने पर आ गए। दरअसल श्रीनगर के लाल  चौक पर भारतीय ध्वज से बड़ा राहुल गांधी का कट आउट लगा हुआ था। जो कि लोगों को रास नहीं आया है। लोगों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जमकर आड़े हाथों लिया।

उधर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक पर भारतीय ध्वज फहराने के बाद ट्वीट किया। राहुल गांधी ने लिखा, ”लाल चौक पर तिरंगा लहराकर भारत से किया वादा आज पूरा हुआ, नफ़रत हारेगी, मोहब्बत हमेशा जीतेगी, भारत में उम्मीदों का नया सवेरा होगा।”

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मिशन 2024 के तहत विपक्ष को एकजुट और लोगों के बीच संदेश पहुंचने के लिए भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर 2022 से कन्याकुमारी से की। करीब 136 दिनों की ये यात्रा 14 राज्यों से होकर गुजरी। हालांकि राहुल गांधी की ये यात्रा किसी न किसी वजह से सुर्खियों में छाई रही। कभी महंगी टी-शर्ट पहनने को लेकर, कभी वीर सावरकर पर विवादित कमेंट, यात्रा में बच्चों को शामिल करने समेत कई वजह से विवादों से घिरी रही। लेकिन अब उनकी ये यात्रा 30 जनवरी को कश्मीर में खत्म हो जाएगी।

Exit mobile version