News Room Post

कांग्रेस ने दिया था चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर को MP उपचुनाव के लिए ऑफर, ठुकराया

नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच कांग्रेस पार्टी के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश में विधानसभा की 24 सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं, ऐसे में इन चुनावों को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बीते दिनों कहा था कि उपचुनाव के लिए पार्टी चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर से बातचीत कर रही है। आपको बता दें कि प्रशांत किशोर ने कांग्रेस के इस ऑफर को ठुकरा दिया है।

प्रशांत किशोर ने कांग्रेस के इस ऑफर को दोटूक लहजे में ठुकराते हुए कहा है कि वह कांग्रेस पार्टी के लिए यह काम नहीं कर सकते हैं। भाजपा, कांग्रेस समेत कई अन्य दलों के लिए चुनावी रणनीति बनाने के अनुभवी प्रशांत किशोर ने मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के लिए काम करने की बात से साफ इनकार कर दिया है।

मीडिया में आ रही खबरों की मानें तो, किशोर ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और कैप्टन अमरिंदर सिंह चौहान के कहने पर उन्होंने पार्टी के लिए पहले अपनी सेवाएं दी थीं। पंजाब और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने कांग्रेस की चुनावी रणनीति बनाने में मदद की थी। लेकिन उपचुनावों को लेकर दिया गया यह ऑफर उन्हें मंजूर नहीं है। वे इस तरह टुकड़ों-टुकड़ों में काम नहीं कर सकते हैं।

इससे पहले मंगलवार को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा था, आने वाले उपचुनावों में कांग्रेस सभी 24 सीटें जीतने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पार्टी प्रशांत किशोर के साथ बातचीत कर रही है। प्रशांत किशोर पहले भी कांग्रेस के लिए काम कर चुके हैं। इसलिए उपचुनाव के दौरान विधानसभा क्षेत्रों का सर्वेक्षण और सोशल मीडिया कैम्पेनिंग की रणनीति पर वे काम कर सकते हैं।

प्रशांक किशोर के मना करने के बीच दिलचस्प है कि शर्मा को उम्मीद थी कि प्रशांत किशोर अगर कांग्रेस की मदद करेंगे तो कांग्रेस विधानसभा के उपचुनाव जीत सकती है। इस बात पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने हमला करते हुए कहा था कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के 15 महीने के शासनकाल को देख चुकी है। इन महीनों के दौरान कांग्रेस ने जनता से सिर्फ झूठे वादे किए। रामेश्वर शर्मा ने दावा भी किया कि बीजेपी इस उपचुनाव में सभी 24 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

Exit mobile version