News Room Post

TS Singhdeo Becomes Deputy CM: छत्तीसगढ़ में चुनाव से पहले कांग्रेस ने टीएस सिंहदेव को बनाया डिप्टी सीएम, जानिए क्या हो सकती है इसकी वजह

ts singhdeo 2

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आखिरकार कांग्रेस आलाकमान ने स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव की नाराजगी दूर कर दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को टीएस सिंहदेव को राज्य का डिप्टी सीएम बनाने का एलान किया। छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि चुनाव में टीएस सिंहदेव की नाराजगी कांग्रेस को भारी पड़ सकती थी। इसी वजह से चुनाव से कुछ महीने पहले ही सिंहदेव को छत्तीसगढ़ का डिप्टी सीएम बनाने का फैसला कांग्रेस को करना पड़ा है। इससे पहले कई बार सिंहदेव अपनी नाराजगी संकेतों में जता चुके थे। सीएम भूपेश बघेल की सरकार में मंत्री रहने के बावजूद वो एक बार विधानसभा से वॉकआउट तक कर गए थे।

डिप्टी सीएम बनाए जाने पर टीएस सिंहदेव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने जिम्मेदारी सौंपे जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को धन्यवाद दिया। टीएस सिंहदेव ने कहा कि राज्य में सभी को मिलकर काम करना होगा। इस सवाल पर कि चुनाव में क्या होगा, टीएस सिंहदेव ने कहा कि पिछली बार मुझे उम्मीद नहीं थी कि छत्तीसगढ़ की जनता हमें 68 सीटों का विशाल बहुमत देगी। उन्होंने कहा कि इस बार भी चुनाव में राज्य सरकार के काम और आपसी एकजुटता के सहारे ही कांग्रेस मैदान में उतरेगी। टीएस सिंहदेव ने सीएम भूपेश बघेल से अपने रिश्तों पर कहा कि हम सब कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं और साथ मिलकर आगे की राह चलना है।

टीएस सिंहदेव को छत्तीसगढ़ का डिप्टी सीएम बनाया गया है, लेकिन पहले ये खबरें आती थीं कि भूपेश बघेल और सिंहदेव के बीच ढाई-ढाई साल सीएम पद संभालने की बात तय हुई थी। हालांकि, सिंहदेव ने कभी इस बारे में कुछ नहीं कहा। बीते दिनों जब इस मामले में मीडिया ने उनसे पूछा था, तो टीएस सिंहदेव ने कहा था कि न तो ढाई-ढाई साल के लिए सीएम वाली बात का वो खंडन करते हैं और न ही पुष्टि करते हैं। सिंहदेव ने उस वक्त कहा था कि अंतिम फैसला तो कांग्रेस आलाकमान ही करता है।

Exit mobile version