News Room Post

कोरोना को मात देने में कामयाब हुई महाराष्ट्र की 90 साल की ये महिला, अस्पताल से मिली छुट्टी

नई दिल्ली। कोरोनावायरस बेशक मौत बनकर पूरी दुनिया पर कहर बरपा रहा है लेकिन इसके बावजूद भी कुछ जीवन को अत्यधिक प्रेम करने वाले लोग किसी भी उम्र के होने के बाद भी इसपर जीत हासिल कर रहे हैं। कुछ समय पहले अमेरिका में एक 101 साल की वृद्ध महिला ने कोरोना को हराया था। अब भारत में भी महाराष्ट्र के ठाणे की रहने वाली एक 90 साल की बुजुर्ग महिला ने कोरोना वायरस संक्रमण को मात दे दी है और उन्हें मंगलवार यहां के सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जिला प्रशासन ने बताया कि इसके अलावा ठाणे जिले के मीरा भायंदर नगर में सात महीने के बच्चे के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि जिले में मंगलवार को कोविड-19 के 121 मामले रिपोर्ट हुए हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 1,399 हो गई है और बीमारी ने 38 लोगों की जान ली है।

इसके साथ ही कल्याण डोम्बीवली में मंगलवार को आए 11 मामलों में पांच पुलिस कर्मी हैं। कल्याण डोम्बीवली के निगम आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने मंगलवार को कहा कि इलाके में रहने वाले और मुंबई में काम करने वाले निवासियों को आठ मई से कल्याण से जाने या प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। यह फैसला कोविड-19 के बढ़ते मामलों की वजह से किया गया है। इसके अलावा एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि स्थानीय नगर निकाय ने नवी मुंबई के सीआईडीसीओ केंद्र को लिया है जिसे कोविड-19 के लिए उपचार केंद्र में बदला जाएगा और इसमें 1200 मरीजों को रखा जा सकता है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि महाराष्ट्र में इस समय स्थिति काफी चिंताजनक है क्योनी यहां पर 36 में से 34 जिले COVID-19 से प्रभावित हैं। मैं राज्य में वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए और आगे की कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए सीएम के साथ बैठक करूंगा। गौरतलब है कि केंद्र सरकार हर राज्य पर पैनी नजर बनाए हुए है और राज्य सरकारों को कोरोना के एक एक केस को महत्वपूर्ण मानकर चलने के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version