News Room Post

Digvijay On Akhilesh Yadav: रूठे अखिलेश यादव को मनाने कांग्रेस से आगे आए दिग्विजय सिंह, कमलनाथ को दी ये नसीहत

digvijay singh akhilesh yadav

भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस से 6 सीट अखिलेश यादव ने मांगी थी। कांग्रेस ने एक भी सीट सपा को नहीं दी। इस पर अखिलेश यादव बीते दिनों कांग्रेस पर भड़क गए थे। अखिलेश यादव की पार्टी सपा यूपी में काफी मजबूत है। इस वजह से अखिलेश को कांग्रेस नाराज नहीं करना चाहती। अखिलेश की नाराजगी दूर करने के लिए अब मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने पहल की है। दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ को नसीहत भी दी और अखिलेश यादव की तारीफ भी की। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमलनाथ ने क्या कहा, मुझे नहीं पता कि उन्होंने कैसे ये कहा। किसी के बारे में ऐसा कुछ नहीं कहना चाहिए। दरअसल, कमलनाथ ने अखिलेश यादव की नाराजगी पर अखिलेश-वखिलेश कहा था। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमलनाथ ने मेरे पास टीम भेजी। चर्चा हुई कि सपा 6 सीट मांग रही है। मैंने रिपोर्ट भेजी कि सपा के लिए 4 सीट छोड़ सकते हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सपा और मुलायम सिंह जी की मुझ पर बड़ी कृपा थी। जब वो सीएम थे, मैं भी उसी पद पर था। उन जैसा नेता हमने कभी नहीं देखा था। जब भी टाइम मांगता, मुलायम मुझसे मिलते। उसके अलावा दिग्विजय ने कहा कि इंडिया गठबंधन तो लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेगा। राज्यों के चुनाव में हमारे मुद्दे अलग हैं। अखिलेश ईमानदार हैं। वो पढ़े-लिखे भी हैं और पार्टी व परिवार को संभाल रहे हैं। मुझे नहीं पता कि चर्चा कहां गलत हो गई। दिग्विजय ने कहा कि गठबंधन में दोस्ताना झगड़े हो जाते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि कमलनाथ पूरी ईमानदारी से किसी समझौते पर पहुंचना चाहते थे। कमलनाथ आखिर समझौते पर क्यों नहीं पहुंच सके, ये बात दिग्विजय सिंह ने हालांकि नहीं कही। बहरहाल, अखिलेश यादव की कांग्रेस से नाराजगी अब शायद कम हो जाए। दिग्विजय ने क्या कहा, ये सुनिए।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में 6 सीटें तो क्या 1 भी सीट कांग्रेस से न मिलने पर अखिलेश यादव भड़के थे। उन्होंने कहा था कि देर रात तक सपा के नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह से बात करते रहे। अखिलेश यादव ने कहा था कि अगर पता होता कि राज्यों में सीट बंटवारा नहीं होना है, तो मैं सपा के नेताओं की टीम उनके पास भेजता ही नहीं। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चेतावनी के अंदाज में ये भी कहा था कि कांग्रेस जैसा सलूक करेगी, यूपी में सीट बंटवारे की बात आई, तो हम भी वैसा ही विचार करेंगे। सुनिए अखिलेश यादव ने क्या कहा था।

Exit mobile version