News Room Post

Tripura Assembly Election Result 2023: त्रिपुरा की इन 5 सीटों पर सबकी नजर, सीएम से लेकर केंद्रीय मंत्री तक हैं मैदान में

manik saha bjp

टाउन बोरोदोवाली से बीजेपी के उम्मीदवार और सीएम मानिक साहा।

नई दिल्ली। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं। 60 सीटों की विधानसभा है। यहां पिछली बार बीजेपी ने सरकार बनाई थी। इस बार भी बीजेपी को सरकार बनने की पूरी उम्मीद है। एक्जिट पोल के नतीजे भी त्रिपुरा में दोबारा बीजेपी की सरकार बनने की जानकारी दे रहे थे। त्रिपुरा में बीजेपी ने पहली बार सरकार बनाने के बाद बिप्लव देव को सीएम बनाया था। अब बिप्लव देव राज्यसभा सदस्य हैं। त्रिपुरा में इस बार के चुनाव में तमाम सीटों पर दिग्गज उम्मीदवार उतरे हैं। इनमें से 5 सीटें खास हैं। इन 5 सीटों पर सबकी नजर है कि कौन जीतता है और कितने अंतर से वो विपक्षी प्रत्याशी को शिकस्त देने में कामयाब रहता है।

बीजेपी की प्रत्याशी प्रतिमा भौमिक पर भी सबकी नजर है। प्रतिमा केंद्रीय मंत्री हैं।

पश्चिमी त्रिपुरा की टाउन बोरोदावाली सीट से बीजेपी के प्रत्याशी के तौर पर सीएम डॉ. मानिक साहा मैदान में हैं। इनका मुकाबला कांग्रेस-वामदलों के प्रत्याशी आशीष कुमार साहा से है। चारीलम सीट से बीजेपी के प्रत्याशी और डिप्टी सीएम जिष्णुदेव बर्मा चुनावी मैदान में हैं। जिष्णुदेव के खिलाफ कांग्रेस-वाम गठबंधन से अशोक देबबर्मा सीधे टक्कर में हैं। अशोक कांग्रेस के नेता हैं। कैलाशहर की सीट से बीजेपी ने कांग्रेस से आए मोहम्मद मोबाशेर अली को उतारा है। उनके खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बिरजित सिन्हा चुनावी समर में हैं। सबरूम सीट पर बीजेपी ने शंकर राय को प्रत्याशी बनाया। उनके खिलाफ सीपीएम के नेता जीतेंद्र चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं। बात करें धनपुर सीट की, तो यहां से मोदी सरकार में मंत्री प्रतिमा भौमिक विधानसभा चुनाव लड़ीं।

त्रिपुरा में वोटों की गणित की बात करें, तो सबसे ज्यादा आदिवासी वोटर हैं। आदिवासी वोटरों की तादाद 32 फीसदी के करीब है। त्रिपुरा में 20 सीटें आरक्षित भी हैं। यहां 8 फीसदी मुसलमान वोटर भी हैं। इनके अलावा अन्य समुदाय के लोग भी त्रिपुरा के वोटर हैं। बीजेपी ने पिछली बार आदिवासी बहुल सीटों पर बढ़िया प्रदर्शन किया था। इस बार उसके प्रदर्शन पर सबकी नजर है।

Exit mobile version