News Room Post

यूपी STF को मिली बड़ी कामयाबी, हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के करीबी अमर दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कानपुर एनकाउंटर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यूपी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने बुधवार को मुख्य आरोपी विकास दुबे के दाहिना हाथ माने जाने वाले अमर दुबे को मार गिराया गया है। हमीरपुर के मौदाहा में पुलिस और अमर दुबे के बीच एनकाउंटर हुआ, जिसमें पुलिस ने अमर दुबे को ढेर कर दिया।

एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, पुलिस की टीम को जिले में अमर की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली थी। जब उन्होंने उसे घेरने की कोशिश की, तो अपराधी ने उन पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह करीब 6.30 बजे मारा गया। कथित तौर पर अमर मौदहा इलाके में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था।

एसटीएफ के एक अधिकारी ने कहा, “हमने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा था, लेकिन उसने फायरिंग कर दी और जब हमने जवाबी कार्रवाई की तो वह मारा गया।”

जानकारी के मुताबिक अमर पहले फरीदाबाद में छिपा था, लेकिन पुलिस का दबाव बढ़ने के कारण वह वहां से भाग निकला। अमर दुबे, विकास दुबे का भरोसेमंद साथी था और नरसंहार के बाद कानपुर पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

कानपुर कांड में आठ पुलिसकर्मियों को मारने में अमर दुबे का भी हाथ था। अमर ने छत से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की थी। गौरतलब है कि हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और उसके गुर्गो ने कानपुर के बिकरू गांव में चार दिन पहले आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।

इससे पहले पुलिस को विकास दुबे के फरीदाबाद में छिपे होने की खबर मिली थी। पुलिस ने फरीदाबाद के बड़खल चौक स्थित एक होटल में छापा मारा। होटल की तलाशी ली गई। लेकिन पुलिस को कमरे खाली मिले। हालांकि, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। ये दोनों विकास दुबे के साथी बताए जा रहे हैं।

Exit mobile version